ट्रॉफी या मेडल नहीं! मैन ऑफ द मैच रहे खिलाड़ी को अवॉर्ड के रूप में मिला मुर्गा, जानें किस लीग में हुआ ऐसा?
खेल प्रेमियों के लिए एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. देवरिया में हुए एक टूर्नामेंट के दौरान विजेता खिलाड़ी को मेडल की जगह मुर्गा दिया गया है.

उत्तर प्रदेश: क्रिकेट में आमतौर पर खिलाड़ी ट्रॉफी, मेडल या मोटी रकम के चेक से खुश होते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक ऐसा टूर्नामेंट हुआ, जहां इनाम ने सबकी हंसी छुड़ा दी. यहां 'मैन ऑफ द मैच' को कोई चमकदार कप नहीं, बल्कि एक जिंदा देसी मुर्गा दिया गया.
आपने बिलकुल सही पढ़ा, टूर्नामेंट के दौरान जीतने वाले खिलाड़ियों को मेडल की जगह मुर्गा दिया गया है. इस मोमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अनोखे इनाम वाला टूर्नामेंट
यह मजेदार किस्सा देवरिया के पथरदेवा क्षेत्र के महुआरी गांव से जुड़ा है. यहां 'महुआरी प्रीमियर लीग' (MPL) नाम से एक लोकल क्रिकेट टूर्नामेंट 1 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक चला. आसपास के गांवों की कुल 16 टीमें इसमें उतरीं. खिलाड़ी और दर्शक पूरे जोश में थे. मैच अच्छे खेले गए, लेकिन इनाम वितरण के समय सब हैरान रह गए.
आयोजकों ने ट्रॉफी या पैसे की जगह देसी मुर्गों का इंतजाम किया था. जब 'मैन ऑफ द मैच' का नाम लिया गया, तो स्टेज पर एक आयोजक जिंदा मुर्गा लेकर पहुंचा. खिलाड़ी को मुर्गा थमाया गया. पहले तो खिलाड़ी और दर्शक चौंक गए, फिर पूरा मैदान हंसी-मजाक और तालियों से भर गया. खिलाड़ी मुस्कुराते हुए मुर्गा हाथ में पकड़कर फोटो खिंचवाते दिखे.
सोशल मीडिया पर धूम
इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. लोग इसे 'शुद्ध देसी क्रिकेट' या 'ऑर्गेनिक अवॉर्ड' कहकर मजाक उड़ा रहे हैं. कोई लिख रहा है कि आईपीएल में करोड़ों की बारिश होती है, तो यहां मुर्गा ही सही! कुछ यूजर्स ने कमेंट में पूछा- "सजाऊं या खाऊं?" वीडियो में मुर्गा पकड़े खिलाड़ी की खुशी और दर्शकों की हंसी देखकर मजा आ जाता है.
यह टूर्नामेंट बताता है कि गांवों में क्रिकेट का जुनून कितना गहरा है. पैसे या ट्रॉफी से ज्यादा महत्वपूर्ण है खेल का मजा और साथियों का साथ.ऐसे अनोखे इनाम ने इस लीग को यादगार बना दिया.


