तुम्हारी बहुत याद आती है लाडो, मम्मी का वॉइस नोट सुन रो पड़ी बेटी, वायरल हुआ VIDEO

सोशल मीडिया पर मां-बेटी के रिश्ते का एक बेहद भावुक वीडियो लोगों का दिल छू रहा है. बेटी ने अपनी मां का इमोशनल वॉइस नोट शेयर किया, जिसे सुनकर इंटरनेट यूजर्स भावुक हो गए. वीडियो पर बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर आयशा खानने भी दिल छू लेने वाला रिएक्शन दिया.

calender

नई दिल्ली: सोशल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में कभी-कभी कुछ ऐसे वीडियो सामने आ जाते हैं, जो सीधे दिल को छू जाते हैं. इन दिनों एक बेटी द्वारा शेयर किया गया उसकी मां का इमोशनल वॉइस नोट इंटरनेट पर लोगों को भावुक कर रहा है. खासकर वे लोग इस वीडियो से खुद को ज्यादा जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं, जो अपने परिवार से दूर रहकर पढ़ाई या नौकरी कर रहे हैं.

इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक मां अपनी बेटी से बेहद प्यार और अपनापन भरे अंदाज में बात करती सुनाई दे रही है. मां की आवाज में चिंता, दुलार और अपनापन इतना साफ महसूस हो रहा है कि वीडियो देखने वाले खुद को भावुक होने से रोक नहीं पा रहे हैं.

तुम कैसी हो बेटा? सुन भावुक हुए लोग

वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर शालिनी पाठक ने शेयर किया है. इसमें उनकी मां उन्हें प्यार से ‘लाडो’ कहकर हालचाल पूछती हैं और उनका ख्याल रखने की सलाह देती हैं. मां अपनी बेटी से फोन साइलेंट पर न रखने, समय पर खाना खाने और किसी भी बात की टेंशन न लेने की बात कहती हैं.

वॉइस नोट में शालिनी की मां कहती हैं, शालिनी तुम कैसी हो बेटा? तुम्हारी बहुत याद आती है लाडो. मैं कितने बार कॉल की, तुम कॉल भी नहीं उठा रही हो. प्लीज बेटा तुम अपना फोन साइलेंट पर मत रखा करो. सुनो बेटा, मन लगाकर पढ़ाई करना. अगर मन नहीं लगता है तो अपने दोस्तों के घर जाया करो. उनसे सारी बातें किया करो और थोड़ा मिला-जुला करो, आपस में बातचीत किया करो. उससे क्या होता है मन हल्का होता है बेटा. किसी भी बात को टेंशन मत लेना लाडो. मैं तुम्हारे साथ हूं. और सुनो बेटा तुम खाना-पीना टाइम से खातेपीते रहना ताकि सेहत बढ़िया रहेगा. थोड़ा सा भी प्रॉब्लम होगा अपने मम्मी-पापा को कॉल करके बताना बेटा. जो भी टेंशन होगी हम लोग लेंगे. तुम्हें कोई टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. बाकी मैं क्या बोलूं आप खुद समझदार हो..बहुत याद आती है. आई लव यू.
 

लाखों लोगों ने देखा वीडियो

यह वीडियो इंस्टाग्राम हैंडल @slayaniiii से शेयर किया गया है. वीडियो को अब तक 3 मिलियन से ज्यादा व्यूज और 3 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं. सोशल मीडिया यूजर्स लगातार इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और मां के प्यार को दुनिया की सबसे खास भावना बता रहे हैं.

कमेंट सेक्शन में उमड़ा लोगों का प्यार

वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोगों ने भावुक प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूजर ने लिखा, आंटी जी आपने तो रुला ही दिया, जबकि दूसरे यूजर ने कहा, मां की केयर और लव को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, मां जैसा सच में कोई नहीं.

आयशा खान ने भी दिया रिएक्शन

इस वायरल वीडियो पर बॉलीवुड एक्टर और डांसर आयशा खान ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, मां जैसा कोई नहीं. First Updated : Wednesday, 27 May 2026