नई दिल्ली : श्रीलंका में एक न्यूजीलैंड की महिला सोलो ट्रैवलर के साथ सड़क यात्रा के दौरान बेहद चौंकाने वाला और परेशान करने वाला मामला सामने आया है. महिला पिछले कई दिनों से देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा कर रही थी और वह टुक-टुक (ऑटो रिक्शा) के माध्यम से सफर कर रही थी. यात्रा का माहौल चौथे दिन उस समय बिगड़ गया, जब एक स्कूटर सवार युवक ने उसे पीछा करना शुरू कर दिया. इस दौरान युवक ने महिला से अश्लील हरकतें की और वीडियो में साफ दिखाया कि उसने महिला से सेक्स की मांग भी की.
वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई
आपको बता दें कि महिला ने पूरी घटना का विवरण अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया. घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. महिला ने बताया कि यात्रा की शुरुआत बीच पर सन-राइज के साथ बहुत खुशी और उत्साह से हुई थी, लेकिन जल्द ही यह घटना उनके आत्मविश्वास को हिला देने वाली साबित हुई. महिला ने बताया कि युवक लगातार उसका पीछा करता रहा और बार-बार उसे ओवरटेक करके असहज करता रहा.
पहले महिला ने शख्स से दूरी बनाने की कोशिश की
महिला ने कहा कि शुरुआत में उन्होंने आरोपी को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब उसका व्यवहार असामान्य और धमकाने वाला हो गया, तब उन्होंने दूरी बनाने की कोशिश की. हालांकि युवक फिर सामने आ गया और अश्लील टिप्पणियों के साथ अपनी हरकतें जारी रखीं. महिला ने कहा कि इस घटना ने उनके पूरे सफर की खुशी को झटका दिया, लेकिन उन्होंने अपने आत्मबल और साहस के साथ इसे अपनी यात्रा खराब नहीं करने दिया.
स्थानीय लोग बहुत मददगार और दयालु हैं...
महिला ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक व्यक्ति की हरकत थी और पूरे देश की छवि का प्रतिनिधित्व नहीं करता. उन्होंने यह भी कहा कि श्रीलंका के स्थानीय लोग बहुत मददगार और दयालु हैं. इस घटना ने एक बार फिर सोलो महिला ट्रैवल के दौरान सुरक्षा के महत्व को उजागर किया. महिला ट्रैवलर्स के लिए यह जरूरी है कि वे सतर्क रहें, यात्रा की योजना पहले से बनाएं और आपातकालीन संपर्क और सहायता विकल्प हमेशा अपने पास रखें.
यह मामला दुनिया भर की महिला यात्रियों के लिए चेतावनी और जागरूकता का उदाहरण है. जबकि यह केवल एक व्यक्ति की नकारात्मक हरकत थी, फिर भी सोलो महिला ट्रैवल में सुरक्षा के उपायों को गंभीरता से अपनाना आवश्यक है. महिला ने अपने अनुभव को साझा करके न केवल खुद को सुरक्षित रखने की रणनीति बताई, बल्कि अन्य महिला यात्रियों को भी सतर्क रहने की प्रेरणा दी. First Updated : Tuesday, 18 November 2025