Video: 'मजा आया और बच्चा पैदा करेगी?', हॉस्पिटल की फर्श पर डिलीवरी करने को महिला मजबूर, दर्द से कराहती गर्भवती को नर्स ने सुनाए ताने

Haridwar hospital video: हरिद्वार से एक शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां गर्भवती महिला को अस्पताल में भर्ती करने से मना कर दिया गया. मजबूर होकर महिला ने अस्पताल के फर्श पर ही बच्चे को जन्म दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हंगामा मच गया.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Haridwar hospital video: हरिद्वार से एक बेहद चौंकाने वाली और अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया. यहां एक गर्भवती महिला को अस्पताल में भर्ती करने से इनकार कर दिया गया, जिसके बाद उसे मजबूरन फर्श पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा. यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हंगामा मच गया.

बताया जा रहा है कि यह मामला मंगलवार देर रात का है. महिला अपने परिजनों के साथ गंभीर प्रसव पीड़ा की हालत में महिला अस्पताल पहुंची थी, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और स्टाफ ने उसे भर्ती करने से साफ मना कर दिया. नतीजतन, महिला को घंटों तक फर्श पर तड़पना पड़ा और आखिरकार उसने खुलेआम सबके सामने अपने बच्चे को जन्म दिया. इस दौरान न तो डॉक्टर और न ही नर्सिंग स्टाफ उसके पास आया.

वीडियो ने बढ़ाया गुस्सा

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला दर्द से कराहते हुए फर्श पर लेटी है और उसके साथ सिर्फ एक बुजुर्ग रिश्तेदार मौजूद है. अस्पताल का कोई भी कर्मचारी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया. इस घटना ने लोगों में गुस्सा और आक्रोश भर दिया है.

रिश्तेदारों का आरोप

महिला के परिवार का कहना है कि वह रात करीब 9:30 बजे अस्पताल पहुंची थी, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने कह दिया कि यहां डिलीवरी नहीं होती. परिवार के मुताबिक, महिला को रात भर दर्द सहना पड़ा और आखिरकार उसने लगभग 1:30 बजे बच्चे को जन्म दिया.

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डिलीवरी के बाद एक नर्स ने ताना मारते हुए कहा – "मजा आया? और बच्चा पैदा करेगी?" इस बयान ने परिजनों को और आक्रोशित कर दिया. रिश्तेदार सोनी ने कहा, "उन्होंने उसे बिस्तर पर लेटने तक नहीं दिया. अगर बच्चे को कुछ हो जाता तो जिम्मेदारी कौन लेता?"

प्रशासन की कार्रवाई

घटना के बाद हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ आरके सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा, "मैंने महिला अस्पताल से प्रारंभिक रिपोर्ट ली है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहा हूं. महिला को रात 9:30 बजे लाया गया और 1:30 बजे आपातकालीन कक्ष में प्रसव हुआ. वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. अगर लापरवाही पाई जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी."

सीएमओ ने यह भी पुष्टि की कि ड्यूटी पर तैनात संविदा डॉक्टर डॉ सोनाली की सेवा समाप्त कर दी गई है. इसके अलावा, ड्यूटी पर मौजूद दो नर्सों को नोटिस जारी किया गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag