जब बेंच, पानी की बोतल और ज्योमेट्री बॉक्स बने म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट, तो बच्चों के मिनी कंसर्ट में टीचर भी झूमने पर हुए मजबूर!
कुछ स्कूली छात्रों ने ज्योमेट्री बॉक्स, बेंच और पानी की बोतल से शानदार धुन तैयार कर क्लास को मिनी कॉन्सर्ट में तब्दील कर दिया. जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो गया. सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस अनोखे टैलेंट की खूब सराहना की, यहां तक कि टीचर्स भी छात्रों की बीट्स पर झूमते नजर आए. वहीं, इस वीडियो को अब तक करीब 30 मिलियन बार देखा जा चुका हैं.

पुणे के एक स्कूल के छात्रों का अनोखा और दिलचस्प वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है. जिसमें छात्रों ने अपनी कक्षा को एक मिनी कॉन्सर्ट में बदल दिया, जहां उन्होंने ज्योमेट्री बॉक्स, बेंच और पानी की बोतल से कमाल की धुन तैयार की. पूरी क्लास इस संगीतमय माहौल का आनंद ले रही थी, यहां तक कि टीचर्स भी उनकी बीट्स पर झूमने से खुद को रोक नहीं पाए.
छात्रों की कला देख मंत्रमुग्ध हुए लोग
वीडियो के कैप्शन में लिखा हैं- इस महीने मैंने कई स्कूलों का दौरा किया. जब हम कहते हैं कि अगले साल मिलेंगे, तो हर बार एक नया अनुभव होता है. बच्चे भावुक हो जाते हैं, गले मिलते हैं, रोते हैं, फोन नंबर एक्सचेंज करते हैं और अलविदा कहते हैं. ये हर स्कूल में होता है, लेकिन कुछ छात्र जिद्दी होते हैं और मानने को तैयार नहीं होते कि मैं वापस नहीं आऊंगा. तो, हम नाचते हैं, ढोल बजाते हैं, भाषण देते हैं और कविताएं पढ़ते हैं. यहां तक कि शिक्षक भी इस धुन पर थिरकने लगते हैं. ये क्षण अनमोल होते हैं.
आगे लिखा- देखिए ये बच्चे कितनी जुनून के साथ ढोल बजा रहे हैं. इनके शरीर में बसी ये लय संक्रामक है! सिर्फ एक साधारण कंपास बॉक्स, बेंच और पानी की बोतल का इस्तेमाल कर इन्होंने एक अविश्वसनीय धुन तैयार की है. मैं जितनी बार भी इस वीडियो को देखूं, इन बच्चों के चेहरे के भाव मुझे हमेशा मुस्कुराने पर मजबूर कर देते हैं.
वीडियो को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रियाएं
ये वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और सोशल मीडिया यूजर्स इसे खूब पसंद कर रहे हैं. कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा कि सबसे बेहतरीन बात ये है कि ये सबकुछ टीचर की मौजूदगी में हो रहा है! एक अन्य यूजर ने कहा कि टीचर के चेहरे की मुस्कान ही सबकुछ बयां कर रही है.तीसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा- सिर्फ बैकबेंचर्स ही ऐसा कर सकते हैं! #Kadak
आपको बता दें कि इस बेहतरीन परफॉर्मेंस का वीडियो प्रोजेक्ट अस्मी द्वारा उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया, जिसे अब तक करीब 30 मिलियन व्यूज, 30 लाख से ज्यादा लाइक्स और अनगिनत कमेंट्स मिल चुके हैं.


