चुनाव से पहले बंगाल में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता DCP और कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी

पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले ईडी की कार्रवाई तेज हो गई है.कोयला घोटाला मामले में कोलकाता के DCP शांतनु सिन्हा विश्वास और कारोबारी जय कामदार के ठिकानों पर छापेमारी से सियासी हलचल बढ़ गई है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. कोयला घोटाला मामले में ईडी की टीम ने कोलकाता के डीसीपी शांतनु सिन्हा विश्वास के ठिकानों पर छापेमारी की है, जिससे राज्य की सियासत में हलचल बढ़ गई है.

जानकारी के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई केवल पुलिस अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़े कारोबारी नेटवर्क पर भी शिकंजा कसा जा रहा है. इसी क्रम में बलयुगुंगे एंड सन एंटरप्राइजेज के मैनेजिंग डायरेक्टर जय कामदार के घर पर भी छापेमारी की जा रही है.

कई ठिकानों पर एक साथ रेड

सूत्रों के मुताबिक, शांतनु विश्वास के दो ठिकानों और जय कामदार के एक ठिकाने पर ईडी की टीम तलाशी अभियान चला रही है. यह कार्रवाई कोयला तस्करी मामले की जांच के तहत की जा रही है, जिसमें पहले भी कई बड़े नाम सामने आ चुके हैं.

बेहाला स्थित आवास पर ताला

रिपोर्ट के अनुसार, शांतनु विश्वास के बेहाला स्थित घर पर ताला लगा मिला. घर के अंदर कुत्ता मौजूद होने के कारण ईडी की टीम बाहर ही इंतजार करती रही. उल्लेखनीय है कि कोयला तस्करी की जांच के दौरान उनका नाम सामने आया था, जिसके बाद उन्हें पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है.

आईपीएस अधिकारियों से हो चुकी है पूछताछ

ईडी इस मामले में अब तक कम से कम आठ आईपीएस अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है. इससे साफ है कि जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है और कई अहम कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

IPAC पर भी हुई थी कार्रवाई

हाल ही में ईडी ने इंडियन पॉलिटिकल ऐक्शन कमेटी (IPAC) के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी. इस दौरान को-फाउंडर विनेश चंदेल को गिरफ्तार किया गया था. बाद में दिल्ली की अदालत ने उन्हें 20 दिनों की ईडी हिरासत में भेज दिया था.

ईडी इस पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर कर रही है. इसी कड़ी में पुलकित जैन और प्रतीक जैन की पत्नी बार्बी जैन को भी पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित मुख्यालय बुलाया गया था.

टीएमसी नेताओं के यहां भी छापेमारी

दो दिन पहले आयकर विभाग ने तृणमूल कांग्रेस के विधायक देबाशीष कुमार के आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की थी. इस कार्रवाई में पार्टी के अन्य नेताओं के घर और कार्यालय भी शामिल थे, जिससे चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है.

कई इलाकों में फैला तलाशी अभियान

सूत्रों के अनुसार, दक्षिण कोलकाता के मनोहरपुकुर रोड स्थित देबाशीष कुमार के घर पर सुबह-सुबह तलाशी शुरू की गई. उस समय वह अपने आवास पर ही मौजूद थे. इसके अलावा उनके चुनावी कार्यालय और मोतीलाल नेहरू रोड स्थित पार्टी दफ्तर में भी जांच की गई.

इसी दौरान आयकर विभाग की एक अन्य टीम ने कालीघाट में तृणमूल नेता कुमार साहा के घर पर भी छापा मारा. वहीं, एल्गिन रोड स्थित मिराज शाह के आवास पर भी अधिकारी पहुंचे, जो भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी के प्रस्तावकों में शामिल हैं.

दिनभर चली इस कार्रवाई के दौरान साल्ट लेक और मिडलटन स्ट्रीट समेत कोलकाता के कई अन्य इलाकों में भी छापेमारी देखी गई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो