UP डबल मर्डर से दहला, पिता ने ही काटा दो जुड़वां बेटियों का गला, जानें मां और भाई कैसे बचे?

कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक पिता के सिर पर खून सवार हो गया और उसने अपनी दो नन्हीं जुड़वां बेटियों की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी पिता को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. एक पिता ने अपनी 11 साल की जुड़वा बेटियों रिद्धि और सिद्धि की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने दोनों मासूम बच्चों का गला रेत दिया. जब पुलिस अपार्टमेंट पहुंची तो कमरे में खून से सनी सूरत देखकर हर कोई दंग रह गया.

यह घटना कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में शनिवार रात हुई. आरोपी अभिरंजन मिश्रा पारिवारिक कलह के चलते लंबे समय से डिप्रेशन में था. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने यह जघन्य कांड क्यों किया.

11 साल की जुड़वा बेटियों की निर्मम हत्या

जानकारी के अनुसार, अभिरंजन मिश्रा अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रहता था. शनिवार रात खाना खाने के बाद वह अपनी दो जुड़वा बेटियों रिद्धि और सिद्धि के साथ एक कमरे में सोने चला गया, जबकि उसकी पत्नी अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी. रात के दौरान अभिरंजन ने दोनों 11 वर्षीय बेटियों का गला काटकर उनकी हत्या कर दी.

सुबह 4.30 बजे पुलिस को मिली सूचना

रविवार सुबह करीब 4.30 बजे पुलिस को इस वारदात की सूचना मिली. नौबस्ता थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. जब अधिकारी कमरे में दाखिल हुए तो वहां खून ही खून फैला हुआ था और दोनों मासूम बच्चों के शव पड़े थे. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके का निरीक्षण किया.

पुलिस कर रही है आरोपी से पूछताछ

डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी अभिरंजन मिश्रा एमआर का काम करता है. पारिवारिक कलह के चलते वह तनाव में था. दोनों बच्चियों की हत्या के कारण जानने के लिए पुलिस आरोपी पिता से पूछताछ कर रही है. जांच के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा. बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी से यह भी पूछताछ कर रही है कि क्या वह अपनी पत्नी और बेटे की भी हत्या करना चाहता था और क्या दूसरे कमरे में सोने के कारण उनकी जान बच गई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो