हॉरर क्राइम : तीन भाइयों ने बहन को पीट-पीट कर मार डाला, प्रेमी ने खुद की अधमरी हालत में भागकर बचाई जान

यह रात का वो भयानक पल था, जब एक भाई ने अपनी बहन को एक युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया. गुस्से में आकर उसने अपने दो अन्य भाइयों को बुला लिया. तीनों भाइयों ने मिलकर बाइक के शॉकर की रॉड से उन दोनों को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिला दिया है. पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन भाइयों ने अपनी बहन को प्रेमी के साथ देखकर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला. युवक किसी तरह जान बचाकर भाग निकला, जबकि भाइयों ने बहन का शव गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र में ले जाकर जला दिया. पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपित भाइयों को हिरासत में ले लिया है, जिनमें एक 15 साल का बाल अपराधी भी शामिल है. घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है, जिसमें प्रेम संबंध को लेकर भड़के भाइयों ने अपनी बहन की निर्मम हत्या कर दी. पूरे मामले का खुलासा होने पर पुलिस भी हैरान रह गई.

क्यों भड़के भाई?

घटना गुरुवार रात की है. गांव का ही एक युवक युवती से प्रेम करता था. गुरुवार की रात वह युवती से मिलने उसके घर पहुंच गया. उस समय युवती की मां और भाई रिश्तेदारी में गए हुए थे. रात में रिश्तेदारी से लौटने के बाद एक भाई ने बहन को युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा. उसने तुरंत अपने दो अन्य भाइयों को बुला लिया. इसके बाद दोनों को कमरे में बंद कर बाइक के शॉकर की रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. मारपीट इतनी तेज थी कि बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक अधमरी हालत में जान बचाकर भाग निकला.

शव को कहां जलाया गया?

अगली सुबह शुक्रवार को तीनों भाई बहन का शव पिकअप वाहन में लादकर गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के सिसई घाट ले गए. वहां बिना किसी को बताए शव को जला दिया गया. पहले इस मामले में मारपीट और धमकी का मामला दर्ज हुआ था. जब मामला एसपी तक पहुंचा तो उन्होंने गहन जांच के निर्देश दिए. पुलिस की जांच में पूरा मामला सामने आया.

घटना के बाद मिटाए साक्ष्य

घटना के बाद भाइयों ने घर की साफ-सफाई की और खून से लथपथ कपड़ों को जला दिया ताकि साक्ष्य मिट जाएं. शनिवार को पुलिस की फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम और पनियरा थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह भी जांच में शामिल हुए. टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा है.

पुलिस ने क्या कहा?

महराजगंज के एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है. मुकदमे में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धारा बढ़ाई गई है. मामले की जांच गंभीरता के साथ की जा रही है. हत्या में प्रयुक्त बाइक के शॉकर की रॉड भी पुलिस ने बरामद कर ली है. मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो