किसानों को जल्द मिल सकती है पीएम किसान योजना की अगली किस्त, जानें क्या है अपडेट

पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त को लेकर अभी कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन पिछले वर्षों के पैटर्न के आधार पर जून के दूसरे पखवाड़े या जुलाई में राशि जारी होने की संभावना है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अगली किस्त का इंतजार कर रहे करोड़ों किसानों के लिए महत्वपूर्ण खबर है. देशभर के लाभार्थी यह जानना चाहते हैं कि योजना की 23वीं किस्त उनके बैंक खातों में कब तक पहुंच सकती है. हालांकि केंद्र सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन पिछले वर्षों के रिकॉर्ड को देखते हुए जल्द ही किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

हर साल किसानों को कितनी राशि दी जाती है? 

पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. यह राशि तीन समान किस्तों में दी जाती है और प्रत्येक किस्त के तहत 2,000 रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाते हैं. अब तक योजना की 22 किस्तें जारी की जा चुकी हैं.

कई बार तकनीकी गड़बड़ियों, बैंक खाते में त्रुटि, आधार लिंकिंग की समस्या या ई-केवाईसी पूरी न होने के कारण कुछ किसानों की किस्त अटक जाती है. ऐसे मामलों में जब समस्या का समाधान हो जाता है, तो अगली किस्त के साथ पिछली बकाया राशि भी खाते में भेजी जा सकती है. इसलिए जिन किसानों को 22वीं किस्त नहीं मिली है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है.

23वीं किस्त की बात करें तो कृषि मंत्रालय की ओर से अभी तक किसी निश्चित तारीख की घोषणा नहीं हुई है. वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान किसानों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन उन्होंने भी इस किस्त की रिलीज डेट को लेकर कोई औपचारिक जानकारी साझा नहीं की है.

 जून और जुलाई के दौरान किस्त जारी होने की संभावना अधिक 

यदि पिछले वर्षों के भुगतान पैटर्न पर नजर डालें तो जून और जुलाई के दौरान किस्त जारी होने की संभावना अधिक रहती है. वर्ष 2024 में 17वीं किस्त 18 जून को जारी की गई थी, जबकि 2025 में 20वीं किस्त 2 अगस्त को किसानों के खातों में भेजी गई थी. इसी आधार पर माना जा रहा है कि 23वीं किस्त जून के दूसरे पखवाड़े या जुलाई में जारी हो सकती है. हालांकि किसानों को अंतिम जानकारी के लिए सरकारी घोषणा का इंतजार करना चाहिए.

लाभार्थी किसान अपनी किस्त की स्थिति PM-KISAN पोर्टल पर जाकर चेक कर सकते हैं. पोर्टल के "Know Your Status" विकल्प में रजिस्ट्रेशन नंबर और OTP के माध्यम से लॉगिन करके भुगतान का पूरा रिकॉर्ड, e-KYC स्थिति, बैंक खाते की जानकारी और आवेदन की वर्तमान स्थिति देखी जा सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो