बेटी का मुस्लिम नाम रखने पर उठे सवाल, मां ने दिया ऐसा जवाब, सोशल मीडिया पर छाया पोस्ट

इन दिनों एक ऐसा पोस्ट खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक मां ने अपनी बेटी के नाम को लेकर जवाब दिया है जो इंटरनेट पर खूब का विषय बन गया है. यही वजह है कि लोग उनकी सोच खूब पसंद कर रहे हैं. 

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर हर दिन कई तरह की कहानियां वायरल होती हैं, लेकिन कुछ किस्से भी ऐसे होते हैं जो लोगों के दिलों को छू जाते हैं. इन दिनों एक ऐसा ही पोस्ट खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक मां ने अपनी बेटी के नाम को लेकर जवाब दिया है जो इंटरनेट पर खूब का विषय बन गया है. यही वजह है कि लोग उनकी सोच खूब पसंद कर रहे हैं. 

ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब 

यह मामला गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. बबीता शेओकंद से जुड़ा है. बता दें, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पति और बेटी के साथ एक तस्वीर शेयर की है. इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि अक्सर लोग उनसे पूछते हैं कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम 'बरकत' क्यों रखा, क्योंकि कई लोग इसे मुस्लिम नाम मानते हैं. इस सवाल का जवाब देते हुए डॉ. बबीता ने कहा कि उनके लिए 'बरकत' किसी धर्म से जुड़ा शब्द नहीं है. उनके अनुसार, यह एक खूबसूरत भावना का प्रतीक है, जिसका अर्थ खुशहाली, समृद्धि और आशीर्वाद होता है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के जन्म से पहले ही उसके पिता ने यह नाम सोच लिया था. 

दादाजी को नहीं पसंद था नाम 

डॉ. बबीता ने आगे बताया कि शुरुआत में उनकी बेटी के दादाजी इस नाम को लेकर पूरी तरह खुश नहीं थे. हालांकि, समय के साथ जब उन्होंने अपनी पोती के साथ बिताए पल, उसकी मुस्कान और परिवार में आई खुशियां देखीं, तो उनका नजरिया बदल गया. उन्हें महसूस हुआ कि यह नाम उनकी पोती पर पूरी तरह फिट बैठता है. परिवार का मानना है कि बेटी उनके जीवन में सचमुच खुशियां और प्यार लेकर आई है, इसलिए वह उनके लिए 'बरकत' ही है.

अपने पोस्ट में डॉ. बबीता ने यह भी कहा कि भारत की सबसे बड़ी खूबसूरती उसकी विविधता है. यहां शब्द, भावनाएं और रिश्ते किसी धर्म या समुदाय की सीमाओं में बंधे नहीं होते. इसके साथ ही उन्होंने कहा प्यार, सम्मान और आशीर्वाद सभी के लिए समान होते हैं. सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी इस सोच की जमकर सराहना की है. 

यूजर्स ने किया कमेंट 

एक यूजर ने कमेंट करते हुए कहा "सच कहूं तो, यह एक खूबसूरत नाम है! कुछ नाम अपने आप में एक खास एहसास रखते हैं, और बरकत निश्चित रूप से उनमें से एक है." दूसरे यूजर ने कमेंट करते हुए कहा "कितना सुंदर नाम है! बिल्कुल आपकी बेटी के नाम जैसा." वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट करते हुआ कहा "बहुत प्यारा नाम है. मुझे उर्दू भाषा बहुत पसंद है" बता दें, डॉ. बबीता के पोस्ट ने सोशल मीडिया पर सभी का दिल जीत लिया है और इस नाम की खूब तारीफ की जा रही है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो