PM Kisan Yojana: होली से पहले आएगी PM किसान की 22वीं किस्त? बैंक छुट्टियों ने बढ़ाई टेंशन, जानिए बड़ी अपडेट

पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त का इंतजार जारी है. बैंक छुट्टियों और सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा न होने के कारण होली से पहले किसानों के खातों में 2,000 रुपये आने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: फरवरी का आज आखिरी दिन है और देशभर के करोड़ों किसानों की नजर एक ही सवाल पर टिकी है- क्या आज उनके खाते में पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त आएगी? 19 नवंबर 2025 के बाद से किसान अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं. होली नजदीक है, इसलिए उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं. लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है.

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को साल में तीन बार 2-2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि सीधे डीबीटी के जरिए बैंक खातों में भेजी जाती है. आज 28 फरवरी है और महीने का चौथा शनिवार भी है. चौथे शनिवार के कारण देशभर में बैंक बंद रहते हैं. चूंकि योजना की रकम सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होती है, इसलिए बैंकिंग प्रक्रिया सक्रिय होना जरूरी होता है. ऐसे में आज किसानों के खाते में किस्त आने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है.

अगर आज नहीं तो होली से पहले?

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या होली से पहले 22वीं किस्त मिल सकती है? इस पर नजर डालें तो हालात ज्यादा अनुकूल नहीं दिखते. 1 मार्च को रविवार है, इसलिए बैंक बंद रहेंगे. 2 मार्च को उत्तर प्रदेश में बैंक अवकाश रहेगा. 3 मार्च को भी कुछ राज्यों में छुट्टी है. 4 मार्च को होली के कारण कई जगह बैंक बंद रहेंगे. लगातार छुट्टियों की वजह से भुगतान प्रक्रिया में देरी होना स्वाभाविक है. इन परिस्थितियों को देखते हुए यह संभावना बहुत कम है कि होली से पहले किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये पहुंच पाएंगे.

सरकार की घोषणा का इंतजार

एक और अहम बात यह है कि अभी तक सरकार की ओर से 22वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है. आमतौर पर किस्त जारी होने से पहले सरकार सूचना देती है. फिलहाल ऐसी कोई घोषणा सामने नहीं आई है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि किसानों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है.

किसानों के लिए यह योजना बड़ी राहत देती है, इसलिए हर किस्त का इंतजार स्वाभाविक है. लेकिन बैंक अवकाश और आधिकारिक घोषणा की कमी को देखते हुए यह कहना सही होगा कि फिलहाल होली से पहले 22वीं किस्त मिलने की संभावना कम नजर आती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag