चांदी के तेवर पड़े नरम, रेट में अचानक आई भारी गिरावट; सोना भी हुआ सस्ता

एक दिन में सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है. सोमवार को एमसीएक्स पर कारोबार शुरू होते ही चांदी 5357 रुपये सस्ती दिखाई दी.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेज गिरावट देखने को मिली है. बीते हफ्ते दोनों कीमती धातुओं में अच्छी तेजी रही, लेकिन सोमवार को एमसीएक्स पर कारोबार शुरू होते ही चांदी के भाव में भारी गिरावट दर्ज की गई है.

चांदी में एक झटके में 5357 रुपये की गिरावट

एमसीएक्स पर 5 मई एक्सपायरी वाली चांदी शुक्रवार को 2,57,142 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. सोमवार को खुलते ही यह 2,51,785 रुपये पर आ गई. यानी एक ही दिन में 5,357 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई. अब चांदी अपने इस साल के उच्चतम स्तर से काफी नीचे आ चुकी है. 

जनवरी में चांदी का भाव पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार गया था और 4,39,337 रुपये का जीवनकाल का उच्चतम स्तर छुआ था. ताजा गिरावट के बाद अब 1 किलो चांदी अपने हाई से 1,87,552 रुपये सस्ती हो गई है.

सोने में भी 1780 रुपये की कमी

चांदी के साथ ही सोने की कीमतों में भी गिरावट आई. 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव पिछले बंद भाव से 1,780 रुपये कम होकर 1,52,829 रुपये पर पहुंच गया. अपने रिकॉर्ड हाई 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम की तुलना में अब सोना 50,155 रुपये सस्ता मिल रहा है.

US-Iran जंग के बाद कितनी फिसली कीमतें?

28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल ने ईरान पर हमले शुरू किए थे. उससे एक दिन पहले यानी 27 फरवरी को चांदी 2,82,644 रुपये प्रति किलो पर थी. अब तक चांदी में 30,859 रुपये प्रति किलो की गिरावट आ चुकी है. सोने में भी इसी अवधि में 12,830 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी दर्ज की गई है. 27 फरवरी को सोना 1,65,659 रुपये पर बंद हुआ था.

पिछले हफ्ते तेजी के बाद आई गिरावट

पिछले सप्ताह चांदी में 14,805 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. 10 अप्रैल को 2,43,274 रुपये पर थी, जो शुक्रवार को 2,58,079 रुपये तक पहुंच गई. सोना भी चार दिनों में 1,953 रुपये महंगा हुआ था, लेकिन अब बाजार में मुनाफा वसूली और वैश्विक संकेतों के कारण दबाव दिख रहा है. 

निवेशक ध्यान दें, उतार चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है. कृपया किसी विषेशज्ञ से राय लेकर ही निवेश करें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो