'अखिलेश जी मेरे मित्र हैं...'PM मोदी के इस बयान पर सपा अध्यक्ष ने किया रिएक्ट, जानिए क्या कहा

पीएम मोदी द्वारा संसद में दिए गए 'मित्र' वाले बयान अखिलेश यादव ने जवाब दिया है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ऐसे मित्र की उन्हें जरुरत नहीं है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए गए 'मित्र' वाले बयान पर तीखा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि ऐसे मित्र की उन्हें कोई जरूरत नहीं है. यह बयान रेवाड़ी में एक शादी समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में आया है.

संसद में मोदी का मजाकिया अंदाज

बीते दिनों लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने एक हल्का-फुल्का पल बनाया. सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने खड़े होकर कहा कि मोदी जी खुद पिछड़ी जाति से हैं, लेकिन पिछड़ों का ध्यान नहीं रखते. 

जवाब में पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, “धर्मेंद्र जी, आपने मेरी पहचान करा दी. मैं अति पिछड़े समाज से आता हूं और अखिलेश जी मेरे मित्र हैं, तो कभी-कभी मदद कर देते हैं.” इस पर अखिलेश यादव हंस पड़े और हाथ जोड़ दिए. उनकी पत्नी और सपा सांसद डिंपल यादव भी मुस्कुराती नजर आईं. पूरा सदन हंसी से गूंज उठा. 

अखिलेश का तीखा पलटवार

रेवाड़ी पहुंचकर अखिलेश यादव ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैंने संसद में ही हाथ जोड़कर कह दिया था कि हमें ऐसे मित्र की जरूरत नहीं है.” उन्होंने इसे चुटकी के रूप में लिया और साफ कर दिया कि राजनीतिक दोस्ती का यह तमाशा उन्हें पसंद नहीं. 

यूपी चुनाव में INDIA गठबंधन पर भरोसा

अखिलेश यादव ने अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों पर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी फिर सत्ता में लौटेगी. कांग्रेस के साथ गठबंधन पर सवाल के जवाब में बोले, “INDIA गठबंधन बना रहेगा, कांग्रेस हमारे साथ होगी.” उन्होंने जोर दिया कि सीटों की संख्या से ज्यादा महत्व जीतने की क्षमता का है. जो उम्मीदवार जीत सकता है, उसे ही टिकट मिलेगा.

BJP पर हमला

अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र में NDA को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है. महिला आरक्षण विधेयक को लेकर उन्होंने सरकार की विफलता पर सवाल उठाया. रेवाड़ी में उन्होंने दावा किया कि भाजपा अभी हो रहे विधानसभा चुनावों में बुरी तरह हारेगी, जिसमें पश्चिम बंगाल भी शामिल है.

महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष को महिला-विरोधी बताती है, लेकिन असल में खुद महिला-विरोधी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कभी किसी महिला को अपना प्रमुख नहीं बनाया और नारी का नारा सिर्फ वोट के लिए दिया. 

अहीर रेजिमेंट की पुरानी मांग दोहराई

अखिलेश यादव ने 'अहीर रेजिमेंट' बनाने की मांग दोहराई. उन्होंने कहा कि सिर्फ अहीर रेजिमेंट ही नहीं, गुजरात रेजिमेंट भी होनी चाहिए. इससे युवाओं को सेना में शामिल होने का प्रोत्साहन मिलेगा. समाजवादी पार्टी प्रमुख का यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी चर्चा में रहा. उन्होंने साफ संकेत दिया कि विपक्ष एकजुट रहेगा और भाजपा की हार तय है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो