गाजियाबाद में फिल्मी स्टाइल में लूट, डिलीवरी ब्वॉय बनकर उड़ाए 20 लाख के गहने
गाजियाबाद के ब्रिज विहार इलाके में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शोरूम में फिल्मी स्टाइल में लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी है. ऑनलाइन डिलीवरी ब्वॉय की वेशभूषा में आए दो हथियारबंद लुटेरों ने महज 6 मिनट में 20 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जबकि पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर जांच तेज कर दी है.

गाजियाबाद के ब्रिज विहार इलाके में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शोरूम में फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात सामने आई है. दो बदमाश ऑनलाइन डिलीवरी ब्वॉय का वेश धारण कर मंसी ज्वेलर्स नामक दुकान में घुसे और महज छह मिनट में 20 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गए. इस पूरी वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग सकते में हैं.
लूटपाट के दौरान दुकान मालिक मौजूद नहीं था और स्टाफ को पिस्टल दिखाकर बदमाशों ने डराया और सोना-चांदी से भरे बैग लेकर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
डिलीवरी ब्वॉय के भेष में पहुंचे लुटेरे
घटना गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ब्रिज विहार इलाके की है. मंसी ज्वेलर्स नामक दुकान पर दो बदमाश ऑनलाइन डिलीवरी एजेंट के कपड़ों में पहुंचे, जिससे कोई उन पर शक न कर सके. दुकान में घुसते ही दोनों ने पिस्तौल निकाली और वहां मौजूद स्टाफ को धमकाकर सन्न कर दिया.
छह मिनट में उड़ाए लाखों के गहने
पुलिस के अनुसार, लुटेरों ने दुकान से करीब 20 किलोग्राम चांदी और 125 ग्राम सोना लूटा है. यह पूरी वारदात सिर्फ छह मिनट में अंजाम दी गई. बदमाश पहले से योजना बनाकर आए थे और दुकान में मालिक की गैरमौजूदगी का फायदा उठाया.
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी. पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान जल्द हो सकेगी. पुलिस अधिकारियों ने बताया, "लुटेरे डिलीवरी ब्वॉय की वेशभूषा में थे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ."
#WATCH | Uttar Pradesh | Thieves disguised as delivery boys execute a robbery at a jewellery store in Ghaziabad. CCTV visuals of the crime. (24.07)
— ANI (@ANI) July 25, 2025
Visuals Source: Police pic.twitter.com/nPTgnWyIYV
गाजियाबाद में पहले भी हो चुकी है बड़ी लूट
इससे पहले 16 जुलाई को गाजियाबाद में एक और बड़ी लूट की वारदात सामने आई थी. इस केस में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने एक किराना व्यापारी प्रवेश विश्नोई से 23 लाख रुपये लूटे थे. व्यापारी जब प्रताप विहार स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी कनावरी इलाके में तीन बाइक सवार लुटेरों ने उन्हें रोककर कैश से भरा बैग लूट लिया था. इस केस में बुधवार रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए थे. फिलहाल वे पुलिस की निगरानी में अस्पताल में भर्ती हैं.
पुलिस की जांच जारी
मंसी ज्वेलर्स में हुई ताज़ा लूट की जांच तेजी से जारी है. पुलिस ने आसपास के सभी CCTV कैमरों के फुटेज जब्त कर लिए हैं और संदिग्धों की पहचान का प्रयास कर रही है. सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह वारदात हाल ही की किसी अन्य लूट से जुड़ी हो सकती है.


