पहले मार, जमीन पर पटका फिर छाती पर बैठकर रेत दिया गला.... MP के अस्पताल में नर्सिंग छात्रा की दिनदहाड़े हत्या

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 12वीं की छात्रा की जिला अस्पताल परिसर में गला रेतकर हत्या कर दी.सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के समय अस्पताल स्टाफ और मरीज मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी बीच में आकर लड़की को बचाने की कोशिश नहीं की.अब इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 12वीं कक्षा की छात्रा की जिला अस्पताल में ही गला रेतकर हत्या कर दी. हैरानी की बात ये है कि घटना के वक्त अस्पताल स्टाफ, मरीज और सुरक्षाकर्मी मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच में आने की हिम्मत नहीं की. आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने एक घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया.

मृतक छात्रा की पहचान संध्या चौधरी के रूप में हुई है, जो पटेल वार्ड, नरसिंहपुर की रहने वाली थी. आरोपी का नाम अभिषेक कोष्टि है, जो खुद को उसका प्रेमी बताता था. घटना 27 जून को दिन में अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के बाहर हुई. सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है.

अस्पताल के सामने लड़की की नृशंस हत्या

सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि संध्या ट्रॉमा सेंटर के कमरे नंबर 22 के बाहर बैठी थी. तभी आरोपी अभिषेक वहां पहुंचा, कुछ देर उससे बात की और फिर चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उसने संध्या का गला रेत दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

स्टाफ को दी गई जान से मारने की धमकी

घटना के वक्त कई मरीज, स्टाफ और दो सुरक्षाकर्मी अस्पताल परिसर में मौजूद थे, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया. एक नर्सिंग ऑफिसर ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने बीच में आने की कोशिश की तो आरोपी ने कहा, 'बीच में मत आओ, वरना तुम्हें भी मार दूंगा.'

पहले से कर रखा था मर्डर का प्लान

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी संध्या से दो साल पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी. लेकिन जनवरी 2024 से उसे शक था कि संध्या किसी और के संपर्क में है. उसने आरोप लगाया कि संध्या उसे धोखा दे रही थी और उसने उसे मारने का प्लान पहले से ही बना रखा था. वह खुद को भी मारने वाला था, लेकिन नाकाम रहा.

वारदात के बाद अस्पताल में दहशत

घटना के बाद अस्पताल में भगदड़ मच गई. ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कई मरीजों ने डर के चलते समय से पहले छुट्टी ले ली. इस नृशंस हत्या ने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

परिजनों ने किया सड़क जाम

संध्या की हत्या के बाद उसका शव घंटों मौके पर ही पड़ा रहा. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की. सूचना मिलने पर संध्या के परिजन मौके पर पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. देर रात अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ.

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

नरसिंहपुर एसपी मृगाक्षी डेका ने बताया कि आरोपी को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने कहा, 'आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. वह संध्या से शादी करना चाहता था, लेकिन जब शक गहराया तो उसने हत्या की योजना बना ली.'

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag