ब्रेकअप का खौफनाक अंत! प्रेमी ने ऑफिस में घुसकर एक्स गर्लफ्रेंड को चाकू से गोदा, फिर खुद का भी काट लिया गला, देखें Video
3 साल के प्यार का दर्दनाक अंत सामने आया है. मोहाली में एक प्राइवेट कंपनी के ऑफिस में युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे प्रेमिका की मौत हो गई.

मोहाली: पंजाब के मोहाली से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक प्राइवेट कंपनी के ऑफिस में युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में युवती की मौत हो गई, जबकि आरोपी ने बाद में खुद का गला काटकर आत्महत्या की कोशिश भी की. इस पूरी वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.
मृतका की पहचान
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान डिंपल के रूप में हुई है, जो पटियाला की रहने वाली थी. आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी उसी कंपनी में काम करता था. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और करीब तीन साल से साथ काम कर रहे थे.
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. हालांकि कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था. इसके बाद से आरोपी मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था.
लव… ब्रेकअप…और मर्डर #मोहाली दिल दहला देने वाली घटना आई सामने
एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली युवती का उसके ऑफिस में चाकू से गोदकर मर्डर कर दिया गया,
आरोपी युवती का जानकार था और उसके साथ ही काम करता था,#Mohali #Punjab pic.twitter.com/1eKkd6baQF— Sahil Rukhaya (@Sahilrukhaya7) June 5, 2026
रिश्ता टूटने के बाद बढ़ी नाराजगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि हरविंदर दोबारा रिश्ता सुधारना चाहता था, लेकिन डिंपल इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया. गुरुवार शाम आरोपी अचानक ऑफिस पहुंचा. वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई और देखते ही देखते उसने डिंपल पर चाकू से कई वार कर दिए. लड़की जान बचाने के लिए भागी, लेकिन आरोपी ने पीछा कर हमला जारी रखा.
खुद पर भी किया हमला
घटना के दौरान ऑफिस में मौजूद कर्मचारी डर गए. कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी लगातार हमला करता रहा. डिंपल पर हमला करने के बाद उसने खुद का गला भी काट लिया. दोनों को गंभीर हालत में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया. वहीं आरोपी हरविंदर की हालत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस जांच में जुटी
मोहाली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत कब्जे में ले लिए हैं. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. थाना फेज-11 के एसएचओ अमन बैदवान ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


