बरेली की पंचायत में दामाद ने सरेआम सास-साले की चाकू से गोदकर की हत्या

बरेली में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत खूनी वारदात में बदल गई, जहां दामाद ने चाकू से हमला कर अपनी सास और साले की हत्या कर दी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सोमवार को एक पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक खूनखराबे में बदल गई. इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी मोहल्ले में दामाद ने गुस्से में आकर अपनी सास और साले पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई.

पति पत्नी में चल रहा था घरेलू विवाद

मिली जानकारी के अनुसार रहपुरा चौधरी के रहने वाले 35 वर्षीय अफसर खान उर्फ बौरा का अपनी पत्नी 30 वर्षीय साइमा खान से काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते साइमा करीब पांच दिन पहले अपने मायके चली गई थी. परिवार के लोगों ने इस झगड़े को खत्म करने के उद्देश्य से सोमवार को दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने के लिए पंचायत बुलाई थी. पंचायत में दोनों परिवारों के कई सदस्य मौजूद थे और मामला सुलझाने की कोशिश की जा रही थी.

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान किसी बात पर अफसर खान अचानक भड़क उठा. गुस्से में उसने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और ससुराल पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया. सबसे पहले उसने अपनी 54 वर्षीय सास आसमा और 20 वर्षीय साले आदिल पर कई वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दौरान जब उसकी पत्नी साइमा ने बीच में आकर उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल साइमा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत नाजुक बता रहे हैं.

शवों को पीएम के लिए भेजा गया

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव और इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक अफसर खान की शादी रिश्तेदारी में ही हुई थी. उसकी पत्नी साइमा उसके चाचा की बेटी है. दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं. आठ साल का बेटा फैज और पांच साल की बेटी आयशा. वहीं, मृतक आदिल के पिता राशिद खान इलाके में ज्वैलरी का काम करते हैं और वह नगर निगम चुनाव में समाजवादी पार्टी से पार्षद पद के उम्मीदवार भी रह चुके हैं.

मृतका की बहन ने क्या आरोप लगाया?

मृतका की बहन शिफा ने आरोप लगाया है कि अफसर खान अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और घर की जिम्मेदारियां भी नहीं निभाता था. इसी वजह से उन्होंने साइमा को मायके बुला लिया था और उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी. शिफा का कहना है कि इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उनका आरोप है कि आरोपी पहले से ही चाकू लेकर पंचायत में पहुंचा था और उसी दौरान उसने उनकी मां, भाई और बहन पर हमला कर दिया, जिसमें मां और भाई की जान चली गई जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो