सीबीएसई 12वीं री-इवैल्युएशन प्रक्रिया पूरी, जानें किस दिन जारी होगा 1.6 लाख छात्रों का रिजल्ट

CBSE की कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों के बाद अब री-इवैल्यूएशन  की प्रक्रिया को लेकर हलचल तेज हो गई है. बोर्ड द्वारा आयोजित मार्क्स वेरिफिकेशन के दूसरे चरण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: CBSE की कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों के बाद अब री-इवैल्यूएशन  की प्रक्रिया को लेकर हलचल तेज हो गई है. बोर्ड द्वारा आयोजित मार्क्स वेरिफिकेशन के दूसरे चरण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है. इस बार कुल 1.6 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने करीब 4 लाख उत्तर पुस्तिकाओं के नंबरों की दोबारा जांच के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है.

आवेदन की समय-सीमा 

सीबीएसई ने छात्रों को स्क्रूटनी के लिए 2 जून से 7 जून 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने का मौका दिया था. दूसरे फेज में केवल वही छात्र आवेदन करने के पात्र थे, जिन्होंने पहले चरण में अपनी स्कैन की गई आंसर शीट प्राप्त करने के लिए सफलतापूर्वक अप्लाई किया था. 

स्कैन की गई कॉपियां गायब

इस प्रक्रिया के दौरान कुछ विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की. छात्रों का दावा था कि उन्हें समय पर उनकी स्कैन की गई कॉपियां नहीं मिल सकीं. इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि बोर्ड पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और छात्र-अनुकूल बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और हेल्पडेस्क के माध्यम से सभी जायज शिकायतों का समाधान किया जा रहा है.

इस तारीख तक आ सकता है री-इवैल्यूएशन रिजल्ट

गौरतलब है कि सीबीएसई ने 13 मई 2026 को 12वीं कक्षा का मुख्य परिणाम घोषित किया था. इस साल कॉपियों के मूल्यांकन के लिए बोर्ड ने आधुनिक 'ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम' का इस्तेमाल किया था. आमतौर पर बोर्ड कुछ ही दिनों में री-इवैल्यूएशन का रिजल्ट जारी कर देता है, लेकिन इस साल पहले चरण में 4 लाख और दूसरे चरण में 1.6 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं. 

कॉपियों के री-चेक में ज्यादा समय

आवेदनों की यह रिकॉर्ड संख्या पिछले कई वर्षों में सबसे अधिक है, जिसके कारण कॉपियों के री-चेक में थोड़ा अतिरिक्त समय लग रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के मुताबिक, सीबीएसई 12वीं री-इवैल्यूएशन का रिजल्ट जुलाई 2026 के पहले सप्ताह में घोषित किया जा सकता है. छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर देख सकेंगे. फिलहाल बोर्ड की तरफ से किसी सटीक तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे सीबीएसई के आधिकारिक सोशल मीडिया X हैंडल पर नजर बनाए रखें.

2027 से लागू होगा नया नियम

आगामी सत्र के छात्रों के लिए सीबीएसई एक बड़ा डिजिटल बदलाव करने जा रहा है. वर्तमान में परिणाम घोषित होने के बाद बोर्ड छात्रों की डिजिटल हस्ताक्षरित मार्कशीट सीधे उनके डिजीलॉकर अकाउंट में भेजता है. लेकिन वर्ष 2027 से बोर्ड मार्कशीट के साथ-साथ छात्रों की पूरी आंसर शीट की स्कैन कॉपी भी डिजीलॉकर पर ही उपलब्ध कराएगा. इस तकनीक के लागू होने से छात्र बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के अपने सभी विषयों की कॉपियां देख सकेंगे और संतुष्ट न होने पर सीधे वहीं से री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो