'दुख और गुस्सा जताने के लिए...', पहलगाम आतंकी हमले पर बोले शाहरुख खान

पहलगाम आतंकी हमले पर शाहरुख खान ने गहरा दुख और गुस्सा जताया और न्याय की अपील की. बॉलीवुड के अन्य सितारों ने भी पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की. वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान के अभिनेता की फिल्म पर विरोध लगातार बढ़ रहा है.

Simran Sachdeva

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने ना केवल पूरे देश को झकझोर कर रख दिया, बल्कि इस घटना ने बॉलीवुड के बड़े सितारों को भी प्रभावित किया. इस हमले में कई निर्दोष लोगों की जान चली गई. अब बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने भी इस हमले पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने इस दर्दनाक घटना के पीड़ितों के लिए अपनी प्रार्थनाएं साझा की और हमलावरों के खिलाफ न्याय की अपील की.

शाहरुख ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा- पहलगाम में हुए इस अमानवीय और वीभत्स हमले पर दुख और गुस्सा व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं. ऐसे समय में हम सिर्फ ऊपरवाले से उन परिवारों के लिए प्रार्थना कर सकते हैं जिन पर ये भयानक हादसा टूटा है. मैं अपनी ओर से गहरा दुख प्रकट करता हूं. हम एक राष्ट्र के तौर पर एकजुट और मजबूत हो और इस घटना के खिलाफ न्याय मिले.

शाहरुख खान की अपील

शाहरुख खान ने अपनी भावनाओं को ट्विटर पर साझा करते हुए कहा कि हम सभी को इस मुश्किल घड़ी में एकजुट रहना चाहिए और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए. ये समय घृणा और हिंसा के खिलाफ एकजुट होने का है. हमें एकजुट होकर न्याय की लड़ाई लड़नी होगी. शाहरुख ने हमले के पीड़ितों के लिए प्रार्थनाओं का आह्वान किया और उम्मीद जताई कि इस घटना को लेकर न्याय मिलेगा.

सलमान खान का भी फूटा गुस्सा

सलमान खान ने 23 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए हमले के एक दिन बाद X पर लिखा- कश्मीर, जो कभी धरती का स्वर्ग था, अब नर्क में तब्दील हो रहा है. निर्दोष लोगों को निशाना बनाना बेहद दुखद है. मेरी दिली संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. एक भी बेगुनाह की हत्या करना पूरी सृष्टि का नुकसान है.

बॉलीवुड के अन्य सितारों ने की संवेदना व्यक्त

शाहरुख से पहले बॉलीवुड के अन्य बड़े सितारे भी इस आतंकी हमले पर अपना दुख और गुस्सा जाहिर कर चुके हैं. अभिनेता अक्षय कुमार, संजय दत्त, अनुष्का शर्मा, कंगना रनौत और करीना कपूर सहित कई प्रमुख हस्तियों ने सोशल मीडिया पर इस हमले की कड़ी निंदा की और शोक व्यक्त किया. इन सितारों ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और पीड़ित परिवारों के साथ अपनी संवेदना व्यक्त की.

पाकिस्तानी अभिनेता के फिल्म पर विरोध

पहलगाम हमले के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के एक्टर फवाद खान और वाणी कपूर की अपकमिंग फिल्म अबीर-गुलाल को लेकर विरोध बढ़ने लगा है. कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस फिल्म को लेकर आपत्ति जताई और लिखा कि इस फिल्म को केवल देशद्रोही लोग ही देखेंगे. ये विरोध इस हमले के बाद तेजी से फैल गया है और कई लोग इस पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag