एजाज खान के खिलाफ FIR दर्ज, 'हाउस अरेस्ट' वेब शो अश्लील कंटेंट को लेकर मचा बवाल
Ajaz Khan: मुंबई पुलिस ने अभिनेता एजाज खान, निर्माता राजकुमार पांडेय और उल्लू ऐप से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ 'हाउस अरेस्ट' वेब शो में आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट दिखाने के आरोप में FIR दर्ज की है. यह कार्रवाई बजरंग दल के कार्यकर्ता की शिकायत पर की गई है.

Ajaz Khan: अभिनेता एजाज खान और वेब शो 'हाउस अरेस्ट' के निर्माता राजकुमार पांडेय के खिलाफ मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को अश्लील कंटेंट को लेकर मामला दर्ज किया है. यह वेब शो उल्लू ऐप पर स्ट्रीम किया जाता है और इसे एजाज खान होस्ट करते हैं. इस शो के कुछ वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिनमें महिलाओं को आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया है और अश्लील सवाल पूछे गए हैं.
यह मामला बजरंग दल के कार्यकर्ता गौतम रावरिया की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शो में महिलाओं की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाले दृश्य और भाषा का उपयोग किया गया है. पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है.
शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मामला
अंबोली पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, "बजरंग दल के कार्यकर्ता गौतम रावरिया द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, एजाज खान, निर्माता राजकुमार पांडेय और उल्लू ऐप से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है." शिकायत में यह भी कहा गया कि "शो की अश्लीलता को लेकर उन्हें कई शिकायतें मिली हैं और लोगों ने उन्हें निजी संदेशों के जरिए आपत्ति जताई."
किन धाराओं में दर्ज हुआ है केस?
अधिकारी ने बताया कि 'हाउस अरेस्ट' के निर्माता और होस्ट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और महिला अश्लील प्रस्तुति (निषेध) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
वायरल वीडियो क्लिप्स में क्या है?
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो क्लिप्स में एजाज खान प्रतियोगियों, विशेष रूप से महिलाओं, पर अंतरंग स्थितियों को अभिनय करने का दबाव डालते नजर आते हैं. वे उनसे आपत्तिजनक और दोहरे अर्थ वाले सवाल भी पूछते दिखाई दे रहे हैं, जिससे शो को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है.
चितरा वाघ ने की शो पर प्रतिबंध की मांग
महाराष्ट्र की भाजपा एमएलसी चितरा वाघ ने गुरुवार को 'हाउस अरेस्ट' पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की. उन्होंने कहा, "एजाज खान, जो खुद को अभिनेता कहते हैं, ने 'हाउस अरेस्ट' नामक एक शो बनाया है, जो अश्लीलता की सारी सीमाएं पार कर चुका है. इस शो के क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और ये अत्यंत अश्लील हैं."
उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी आग्रह किया कि इस प्रकार के आपत्तिजनक कंटेंट को बढ़ावा देने वाले मोबाइल ऐप्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
शो के वायरल क्लिप्स को लेकर आम लोग भी सोशल मीडिया पर जमकर विरोध जता रहे हैं. कई यूजर्स ने शो को 'सोशल वैल्यूज़ के खिलाफ' बताते हुए प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की है.


