ऑस्कर 2026 में ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा की एंट्री, हॉलीवुड सितारों के साथ मंच साझा करेंगी
ऑस्कर 2026 में इस बार भारतीय ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा भी खास भूमिका में नजर आने वाली हैं. एकेडमी ने उन्हें 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स में प्रेजेंटर के तौर पर शामिल किया है, जहां वह रॉबर्ट डाउनी जूनियर और ऐनी हैथवे जैसे बड़े हॉलीवुड सितारों के साथ मंच साझा करेंगी.

नई दिल्ली: दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म अवॉर्ड समारोह ऑस्कर 2026 को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है. इस बार ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा भी इस भव्य समारोह का हिस्सा बनने जा रही हैं. एकेडमी ने 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए जिन सितारों को प्रेजेंटर के तौर पर चुना है, उनमें प्रियंका चोपड़ा का नाम भी शामिल है.
खास बात यह है कि प्रियंका इस मंच पर हॉलीवुड के बड़े सितारों रॉबर्ट डाउनी जूनियर और ऐनी हैथवे जैसे नामों के साथ नजर आएंगी. इससे एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय कलाकारों की मजबूत मौजूदगी देखने को मिलेगी.
ऑस्कर 2026 में प्रेजेंटर बनीं प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका चोपड़ा ने शुक्रवार सुबह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए भी इस खबर को अपने फैंस के साथ साझा किया. उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "2026 एकेडमी अवार्ड्स."
बता दें कि प्रियंका इससे पहले भी साल 2016 में ऑस्कर समारोह में अवॉर्ड प्रेजेंट कर चुकी हैं. वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने भी साल 2023 में ऑस्कर मंच पर अवॉर्ड प्रेजेंट किया था. उसी साल फिल्म RRR के मशहूर गाने नाटू नाटू ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया था.
इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा इससे पहले गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स और प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी प्रेजेंटेशन दे चुकी हैं.
ऑस्कर 2026 में ये हॉलीवुड स्टार्स भी होंगे प्रेजेंटर
इस साल के एकेडमी अवॉर्ड्स में कई बड़े हॉलीवुड सितारे भी प्रेजेंटर के तौर पर मंच पर नजर आएंगे. इनमें विल अर्नेट, रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐनी हैथवे, पॉल मेस्कल और ग्वेनेथ पाल्ट्रो शामिल हैं.
वहीं इससे पहले जिन सितारों को प्रेजेंटर के तौर पर घोषित किया गया था, उनमें एड्रियन ब्रॉडी, जेवियर बार्डेम, कीरन कल्किन, क्रिस इवांस, चेस इनफिनिटी, मिकी मैडिसन, डेमी मूर, कुमैल नानजियानी, माया रूडोल्फ और ज़ो सलदाना जैसे नाम शामिल हैं.
'सिनर्स' को मिले सबसे ज्यादा नॉमिनेशन
इस बार ऑस्कर अवॉर्ड्स में फिल्म ‘सिनर्स’ ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. निर्देशक रयान कूगलर की इस फिल्म को कुल 16 नॉमिनेशन मिले हैं, जो एकेडमी अवॉर्ड्स के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है.
इसके साथ ही इस फिल्म ने ऑल अबाउट ईव, टाइटैनिक और ला ला लैंड के 14 नॉमिनेशन वाले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है. इसके अलावा हैमनेट, सेंटिमेंटल वैल्यू, वन बैटल आफ्टर अनदर और फ्रैंकनस्टीन जैसी फिल्में भी कई कैटेगरी में जीत की दौड़ में शामिल हैं.
भारत में ऑस्कर 2026 कब और कहां देखें
98वें एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन 15 मार्च 2026 को हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर, ओवेशन हॉलीवुड में किया जाएगा. यह समारोह ABC चैनल पर लाइव प्रसारित होगा और Hulu पर भी स्ट्रीम किया जाएगा.
भारतीय दर्शक इस भव्य समारोह को 16 मार्च 2026 को सुबह 5:30 बजे (IST) लाइव देख सकेंगे.


