‘कॉकटेल 2’ की कहानी में बड़ा ट्विस्ट! कृति-रश्मिका बनेंगी कपल, शाहिद कपूर संग दिखेगा लव ट्रायंगल?

‘कॉकटेल 2’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिल्म सितंबर में रिलीज हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कहानी मॉडर्न रिलेशनशिप पर आधारित होगी, जिसमें कृति सेनन और रश्मिका मंदाना अहम भूमिकाओं में नजर आ सकती हैं.

Shraddha Mishra

मुंबई: रोमांटिक ड्रामा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. साल 2012 में आई फिल्म Cocktail ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी और अब उसका सीक्वल चर्चा में है. Cocktail 2 को लेकर नई जानकारी सामने आई है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार फिल्म की कहानी पहले पार्ट से काफी अलग हो सकती है. 

बताया जा रहा है कि कृति सेनन और रश्मिका मंदाना फिल्म में एक कपल के रूप में नजर आ सकती हैं. कहा जा रहा है कि दोनों का रिश्ता कहानी का अहम हिस्सा होगा और इसमें शाहिद कपूर तीसरे एंगल के तौर पर दिखाई देंगे. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक कहानी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस ट्रैक को लेकर काफी चर्चा हो रही है. अगर ऐसा होता है, तो यह दोनों अभिनेत्रियों के करियर का अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार साबित हो सकता है.

शूटिंग हुई पूरी

फिल्म के निर्देशक होमी अदजानिया ने 31 जनवरी को बताया कि शूटिंग पूरी हो चुकी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर सेट से एक तस्वीर साझा की, जिसमें पूरी टीम शूट खत्म होने का जश्न मनाती दिखी. तस्वीर में शाहिद, रश्मिका और कृति के साथ निर्देशक केक काटते नजर आए. होमी ने पोस्ट में लिखा कि वह थोड़ा पक्षपाती हो सकते हैं, लेकिन उन्हें यह फिल्म खास लग रही है. उन्होंने पूरी टीम का धन्यवाद किया, जिन्होंने शूट के दौरान उनका साथ दिया.

सितंबर में हो सकती है रिलीज 

फिल्म की रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन खबर है कि इसे सितंबर में रिलीज किया जा सकता है. पहला भाग, जिसमें दीपिका पादुकोण, डायना पेंटी और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में थे, दर्शकों को खूब पसंद आया था. उस फिल्म की कहानी दोस्ती, प्यार और रिश्तों के उतार-चढ़ाव पर आधारित थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि आधुनिक रिश्तों पर आधारित यह नई कहानी दर्शकों से कितना जुड़ पाती है. 

इसके साथ ही वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहिद कपूर हाल ही में फिल्म “ओ रोमियो” में नजर आए थे. इस फिल्म को दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला. अब “कॉकटेल 2” से उनसे बड़ी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag