शादी के बाद इस फिल्म में साथ नजर आएंगे रश्मिका-विजय, बड़े पर्दे पर फिर जादू बिखेरने की तैयारी
26 फरवरी को पति-पत्नी के रूप में पहली झलक दिखाने के बाद विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना एक बार फिर साथ में बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं. शादी की तस्वीरों से सोशल मीडिया पर छाए इस कपल की अगली फिल्म का ऐलान भी हो चुका है.

नई दिल्ली: 26 फरवरी को शादी के बंधन में बंधने के बाद विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने पति-पत्नी के रूप में अपनी पहली झलक साझा की, जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. अब फैंस के लिए एक और खुशखबरी है, दोनों जल्द ही एक फिल्म में साथ दिखाई देंगे.
वेडिंग फोटोज से इंटरनेट पर छाए इस स्टार कपल की प्रोफेशनल लाइफ भी उतनी ही चर्चा में है. शादी के बाद दोनों पहली बार फिल्म 'रनाबाली' में स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे.
'रनाबाली' में दिखेगी शादी के बाद पहली केमिस्ट्री
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की प्रेम कहानी 2018 में फिल्म 'गीता गोविंदम' के सेट से शुरू हुई थी. इसके बाद 'डियर कॉमरेड' में भी दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया. करीब आठ साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया.
4 मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद दोनों अपने-अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हो जाएंगे. इसी बीच 26 जनवरी को फिल्म ‘रनाबाली’ का आधिकारिक ऐलान किया गया, जो शादी के बाद उनकी पहली साथ वाली फिल्म होगी.
विजय ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर करते हुए लिखा,"ब्रिटिश ने उसे 'सेवेज' कहा था, मैं असहमत नहीं हूं. वो 'हमारा' सेवेज था! पेश हैं एकमात्र 'रनाबाली' और हमारा इतिहास सेट कर रहे हैं, जो उन्होंने दफना दिया था."
यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसका निर्देशन राहुल संकृत्यायन ने किया है.
19वीं सदी की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
'रनाबाली' की कहानी 19वीं सदी के उस दौर पर आधारित है, जब अंग्रेजों ने स्थानीय लोगों को ‘जंगली’ और विद्रोही कहकर बदनाम किया था. फिल्म रायलसीमा के इतिहास में दबे हुए सच को उजागर करने का दावा करती है.
फर्स्ट लुक से संकेत मिलता है कि यह कहानी ब्रिटिश शासन के दौरान हुए एक भीषण नरसंहार पर केंद्रित है, जिसे हिटलर के होलोकॉस्ट से भी बदतर बताया गया है. फिल्म में विजय स्वतंत्रता सेनानी रनाबाली की भूमिका निभाएंगे, जबकि रश्मिका जयम्मा के किरदार में नजर आएंगी. विलेन की भूमिका अर्नोल्ड वोस्लू निभा रहे हैं.
शादी के बाद इस नई शुरुआत के साथ विजय और रश्मिका एक बार फिर अपनी केमिस्ट्री से दर्शकों का दिल जीतने को तैयार हैं.


