आरसीबी की खिताबी जीत के बाद वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का, सोशल मीडिया पर छाया कपल का ये अंदाज
विराट और अनुष्का ने वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम जाकर प्रसिद्ध गुरु प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया.

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी, मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार को धर्मनगरी वृंदावन पहुंचे. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड करने और लगातार दूसरी बार चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम करने के ठीक बाद यह स्टार कपल भगवान की शरण में नजर आया.
वायरल हुई तस्वीरें
विराट और अनुष्का ने वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम जाकर प्रसिद्ध गुरु प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया. जैसे ही यह जोड़ा प्रेमानंद महाराज के आश्रम से आशीर्वाद लेकर बाहर निकला वहां मौजूद लोगों ने उनकी तस्वीरें कैमरे में कैद कर लीं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन तस्वीरों में विराट और अनुष्का बेहद साधारण और शांत लुक में नजर आ रहे हैं.
आरसीबी की ऐतिहासिक खिताबी जीत
यह आध्यात्मिक यात्रा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की उस ऐतिहासिक जीत के तुरंत बाद हुई है. जहां उन्होंने फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को धूल चटाकर आईपीएल का लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया. साल 2025 में पहली बार चैंपियन बनने के बाद आरसीबी ने 2026 में भी अपने विजय रथ को जारी रखा.
दूसरी खिताबी जीत
इस लगातार दूसरी खिताबी जीत के साथ ही आरसीबी ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है. वह चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद आईपीएल इतिहास में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली केवल तीसरी टीम बन गई है.
अनुष्का ने खास अंदाज में जताया प्यार
इस शानदार जीत के बाद सोमवार दोपहर को अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद खास और दिल छू लेने वाली तस्वीर साझा की थी. इस फोटो में विराट कोहली के हाथों में आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी नजर आ रही है और अनुष्का उनके माथे पर प्यार से किस करती दिख रही हैं. जबकि विराट के चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान है. अनुष्का ने इस पोस्ट के साथ कोई लंबा-चौड़ा नोट लिखने के बजाय सिर्फ विक्ट्री साइन, रेड हार्ट और हाथ जोड़ने वाले इमोजी का इस्तेमाल किया.
मानसिक शांति का बहुत बड़ा स्थान
यह कोई पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का वृंदावन आए हों. दोनों अक्सर अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर प्रेमानंद महाराज के आश्रम आते रहे हैं. इस कपल ने कई इंटरव्यू में यह स्वीकार किया है कि उनके जीवन में आध्यात्मिकता और मानसिक शांति का बहुत बड़ा स्थान है. मैदान पर आरसीबी के खिलाड़ियों और फैंस के जोरदार जश्न और डांस वीडियोज के बाद विराट का इस तरह भगवान के दर पर शीश नवाना उनके फैंस को काफी पसंद आ रहा है.


