‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड आज, क्या मिडिल ईस्ट तनाव और महंगाई पर बोलेंगे PM मोदी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में मिडिल ईस्ट तनाव, तेल-गैस मुद्दों, आगामी त्योहारों और चुनावों पर चर्चा कर सकते हैं. लोगों को उनके संदेश और संभावित अपील का इंतजार है.

Shraddha Mishra

देशभर के लोगों को एक बार फिर प्रधानमंत्री के विचार सुनने का मौका मिलने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र का लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ आज अपने 132वें एपिसोड के साथ प्रसारित होगा. हर बार की तरह इस बार भी उम्मीद की जा रही है कि पीएम देश और दुनिया से जुड़े अहम मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे, जिन्हें करोड़ों लोग ध्यान से सुनते हैं.

इस बार के एपिसोड में मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और उसके असर पर बात होने की संभावना है. खासतौर पर तेल और गैस की कीमतों को लेकर वैश्विक स्थिति पर पीएम अपनी राय रख सकते हैं. इसके अलावा देश में आने वाले प्रमुख त्योहारों जैसे अंबेडकर जयंती और बैसाखी का भी जिक्र हो सकता है. पीएम अक्सर ऐसे मौकों पर लोगों को शुभकामनाएं देने के साथ-साथ उनसे जुड़ी सामाजिक और सांस्कृतिक बातों को भी सामने रखते हैं.

चुनाव को लेकर अपील संभव

अप्रैल में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि पीएम लोगों से मतदान करने की अपील कर सकते हैं. ‘मन की बात’ के जरिए वह पहले भी नागरिकों को अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करते रहे हैं.

पिछले एपिसोड में क्या था खास?

इससे पहले 22 फरवरी को प्रसारित एपिसोड में पीएम ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की थी. उन्होंने टेक्नोलॉजी, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कार्यक्रमों का जिक्र किया और बताया कि भारत इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने ऑर्गन डोनेशन के महत्व को भी समझाया और लोगों से इसमें भागीदारी बढ़ाने की अपील की. साथ ही साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी. पीएम ने नए स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं की भी सराहना की और उनके प्रयासों को देश के विकास के लिए अहम बताया.

पिछले कुछ एपिसोड्स की झलक

‘मन की बात’ के हाल के एपिसोड्स में कई अलग-अलग विषयों को शामिल किया गया है.

131वां एपिसोड: दिल्ली में आयोजित AI समिट का जिक्र करते हुए पीएम ने बताया कि कैसे टेक्नोलॉजी की मदद से प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों को सुरक्षित रखा जा रहा है.

130वां एपिसोड: भारतीय संस्कृति और त्योहारों की वैश्विक पहचान पर चर्चा की गई. विदेशों में भी भारतीय परंपराओं के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया गया.

129वां एपिसोड: बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयों के इस्तेमाल पर चिंता जताई गई और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई.

128वां एपिसोड: खेलों में भारत की उपलब्धियों को लेकर गर्व व्यक्त किया गया, खासकर महिला टीमों की सफलताओं का जिक्र हुआ.

127वां एपिसोड: छठ पूजा जैसे त्योहारों की शुभकामनाएं दी गईं और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रमों पर बात हुई.

कार्यक्रम की खासियत

‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच बन चुका है जहां प्रधानमंत्री सीधे जनता से संवाद करते हैं. इसमें सामाजिक, सांस्कृतिक, तकनीकी और राष्ट्रीय मुद्दों को सरल भाषा में रखा जाता है, जिससे हर वर्ग का व्यक्ति इससे जुड़ पाता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो