जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में 2 पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. मिली जानकारी के अनुसार जालता क्षेत्र के पास चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया गया है.

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने एक बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान को अंजाम देते हुए जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया. यह मुठभेड़ जिले के एक दुर्गम और घने वन क्षेत्र में हुई, जहां लंबे समय से आतंकियों की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही थी.
मारे गए आतंकवादियों की हुई पहचान
मारे गए आतंकवादियों में एक की पहचान संगठन के कुख्यात शीर्ष कमांडर अबु माविया के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से इस इलाके में सक्रिय था. दूसरे आतंकी का नाम जब्बार बताया गया है. सेना ने इस संयुक्त कार्रवाई को 'ऑपरेशन किया' नाम दिया है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और उनके भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद कर दिया गया. आतंकवादी एक प्राकृतिक गुफा में छिपे हुए थे. जैसे ही सुरक्षाबलों ने उनकी सटीक लोकेशन की पुष्टि की, दोनों ओर से भीषण गोलीबारी शुरू हो गई.
इस ऑपरेशन में आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया. ड्रोन की मदद से आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और उनकी सही स्थिति का पता लगाया गया. लोकेशन कन्फर्म होते ही सुरक्षाबलों ने रणनीतिक तरीके से कार्रवाई की और रॉकेट लॉन्चर का उपयोग कर आतंकियों को ढेर कर दिया. मुठभेड़ के दौरान क्षेत्र में लगातार फायरिंग की आवाजें सुनी गईं, जिससे साफ था कि ऑपरेशन बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण था.
व्हाइट नाइट कोर ने साझा की पोस्ट
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने इस सफल अभियान की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की. पोस्ट में बताया गया कि पुलिस द्वारा मुहैया कराई गई सटीक खुफिया सूचना के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस फोर्स (CIF) डेल्टा और व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ मिलकर जोफर वन क्षेत्र, बसंतगढ़ में एक केंद्रित संयुक्त अभियान की योजना बनाई. सीआरपीएफ ने इलाके की घेराबंदी को मजबूत किया ताकि आतंकी किसी भी सूरत में बचकर न निकल सकें.
#WhiteKnightCorps | #OpKiya
— White Knight Corps (@Whiteknight_IA) February 3, 2026
Operation Kiya
In an intelligence based joint Operation, contact has been established with the terrorists by the Troops of CIF Delta, #WhiteKnightCorps, @JmuKmrPolice and #CRPF at around 4 pm today in the general area of Basantgarh. Cordon has been…
व्हाइट नाइट कोर के अनुसार, आतंकियों से संपर्क स्थापित होने के बाद उन्हें इलाके से बाहर निकलने का कोई मौका नहीं दिया गया. सुनियोजित और समन्वित कार्रवाई के चलते दोनों आतंकियों को मार गिराया गया. इस पूरे ऑपरेशन में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल, रणनीतिक सटीकता और उच्च स्तर की पेशेवर क्षमता देखने को मिली.
मुठभेड़ स्थल से एक आतंकी का शव गुफा के मुहाने पर मिला, जबकि दूसरा गुफा के अंदर गहराई में पड़ा हुआ था. सुरक्षाबलों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है, जिसमें एक एम4 कार्बाइन और एक एके असॉल्ट राइफल शामिल हैं. फिलहाल पूरे इलाके में सर्च और निगरानी अभियान जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आसपास कोई अन्य आतंकी मौजूद न हो.


