लोकसभा में PM मोदी का भाषण टला, हंगामे के चलते कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

लोकसभा में आज यानी बुधवार को PM मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था. वे शाम 5 बजे लोकसभा में बोलने वाले थे, लेकिन संसद में हंगाम होने लगा. जिसके कारण पीठासीन ने संसद की कार्यवाही को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : संसद के भीतर चल रहे गतिरोध और राजनीतिक बयानबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही में बड़ा व्यवधान देखने को मिला है.  विपक्ष के लगातार हंगामे और शोर-शराबे के कारण लोकसभा की कार्यवाही को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. इस व्यवधान का सबसे बड़ा असर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम पर पड़ा है.

शाम 5 बजे चर्चा का जवाब देना था, लेकिन...
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री को आज शाम 5 बजे राष्ट्रपति के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था, लेकिन सदन में मचे घमासान के कारण उनका यह भाषण फिलहाल टल गया है. इससे पहले, जब केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ट्रेड डील (Trade Deal) जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपनी बात रख रहे थे, तब भी विपक्षी सांसदों ने सदन में नारेबाजी जारी रखी.

लोकसभा अध्यक्ष ने कई बार सांसदों को शांत करने और चर्चा सुचारू रूप से चलाने का आग्रह किया, लेकिन स्थिति में सुधार न होते देख सदन को पहले दो बजे, फिर पांच बजे और अंततः अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

रवनीत बिट्टू ने राहुल पर लगाया आरोप 
सदन के भीतर मचे हंगामे के बीच संसद परिसर के बाहर भी माहौल काफी गरमाया रहा. केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. बिट्टू का दावा है कि एक तीखी बहस के बाद राहुल गांधी उन पर शारीरिक रूप से हमला करने वाले थे.

कोई गली का गुंडा भी ऐसा नहीं करेगा...
उन्होंने मीडिया से बातचीत में यहां तक कहा कि "आज तो कोई गली का गुंडा भी ऐसा नहीं करेगा जैसा राहुल गांधी ने किया." बिट्टू के अनुसार, जब उन्होंने हाथ मिलाने से इनकार किया, तो राहुल गांधी आक्रामक हो गए और केसी वेणुगोपाल सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने उन्हें बीच-बचाव करके रोका.

बीजेपी में शामिल होने से नाराज हैं कांग्रेसी नेता 
रवनीत सिंह बिट्टू ने इस पूरी घटना को राजनीतिक ईर्ष्या का परिणाम बताया है. उन्होंने तर्क दिया कि जब से वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सम्मान देते हुए मंत्री बनाया है, तब से राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता उनसे नाखुश हैं.

बिट्टू ने कड़े शब्दों में कहा कि राहुल गांधी को उन्हें सामने बैठा देखकर 'दर्द' होता है और वही झुंझलाहट उनकी भाषा और शारीरिक व्यवहार में दिखाई दे रही है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी भी तरह के हमले से डरने वाले नहीं हैं. फिलहाल, इन आरोपों ने पक्ष और विपक्ष के बीच की कड़वाहट को और अधिक बढ़ा दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag