ओम बिरला विवाद: स्पीकर के चेंबर में घुसे 20-25 कांग्रेस सांसद, किरेन रिजिजू ने लगाया गाली-गलौज का आरोप
बजट सत्र के दौरान संसद में हंगामा और बढ़ गया जब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया कि 20-25 कांग्रेस सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चेंबर में घुस गए और गाली-गलौज की. इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है.

नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र के दौरान जारी गतिरोध के बीच बुधवार को राजनीतिक माहौल और गरमा गया. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज का गंभीर आरोप लगाया है.
रिजिजू के मुताबिक, कम से कम 20 से 25 कांग्रेस सांसद जबरन स्पीकर के चेंबर में घुस गए और उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. उन्होंने दावा किया कि इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी वहां मौजूद थे.
स्पीकर के चेंबर में घुसने का आरोप
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा, "स्पीकर साहब बहुत आहत हैं. मैंने उनसे बात की है. स्पीकर साहब के चेंबर में जाकर गाली गलौज किया, बुरा भला कहा. फिर स्पीकर साहब ने जो फैसला सुनाया उसको नहीं माने, और फिर राहुल गांधी कहते हैं कि उन्हें सदन में बोलने के लिए किसी की परमिशन नहीं चाहिए, वो मर्जी से बोलेंगे. ये सब रिकॉर्ड पर है. लेकिन सदन में चेयर की अनुमति के बिना नहीं बोल सकते."
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है और सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाती है.
20-25 सांसदों के जबरन प्रवेश का दावा
रिजिजू ने आगे कहा, "स्पीकर के चेंबर में 20,25 कांग्रेस के MPs जब घुसे, तो मैं भी वहां गया. उन्होंने जो गाली गलौज किया स्पीकर के साथ, वह मैं आपको बता नहीं सकता. स्पीकर बहुत नरम आदमी हैं. नहीं तो और कठोर कदम उठाया जा सकता था. यह कोई तरीका नहीं होता."
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि घटना के समय प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी वहां मौजूद थे.
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी का जिक्र
रिजिजू ने कहा, "जब स्पीकर को गाली दी जा रही थी तब वहां प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं, वेणुगोपाल भी मौजूद थे, कांग्रेस के सीनियर नेता वहां मौजूद थे और इसे बढ़ावा दे रहे थे."
इस पूरे घटनाक्रम ने संसद के भीतर राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है.


