भारत को हल्के में ले रहे पाक खिलाड़ी फरहान, कहा- 'हम सामान्य मैच की ...'
भारत संग मैच खेलने पर साहिबजादा फरहान ने प्रतिक्रिया दी है. फरहान ने कहा कि उनके मुताबिक इस बार टीम नई रणनीति और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरेगी.

टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर भले ही दोनों देशों के प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह और चर्चा हो, लेकिन पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान इसे जरूरत से ज्यादा तूल दिए जाने वाला मामला मानते हैं. उनका कहना है कि यह मैच किसी असाधारण दबाव वाला नहीं, बल्कि टूर्नामेंट का एक सामान्य मुकाबला है.
भारत संग खेलने पर क्या बोले फरहान?
फरहान ने यह बयान कोलंबो में अमेरिका के खिलाफ 73 रनों की प्रभावशाली पारी खेलने के बाद दिया, जिसकी बदौलत पाकिस्तान ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान मजबूत किया. फरहान ने कहा कि लगातार दो जीत से टीम का मनोबल काफी ऊंचा है. जब टीम तालिका में आगे होती है तो खिलाड़ियों का आत्मविश्वास स्वतः बढ़ जाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत के खिलाफ खेलना कोई नई बात नहीं है, क्योंकि दोनों टीमें पहले भी कई बार आमने-सामने आ चुकी हैं.
फरहान ने कहा कि उनके मुताबिक इस बार टीम नई रणनीति और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरेगी. उन्होंने टीम के अन्य खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि शादाब और नवाज़ जैसे खिलाड़ी भी रन बना रहे हैं, जिससे पूरी टीम संतुलित नजर आ रही है.
15 फरवरी को निर्धारित भारत-पाकिस्तान मुकाबला
भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी को निर्धारित है. कुछ समय पहले तक इस मैच को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी, लेकिन अब यह तय हो गया है कि मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा. आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ बहुत मजबूत नहीं रहा है. उसे अब तक सिर्फ एक जीत मिली है, जो 2021 के टी20 विश्व कप में आई थी. इसके बावजूद फरहान को भरोसा है कि मौजूदा फॉर्म और टीम की लय उन्हें इस बड़े मुकाबले में फायदा पहुंचाएगी.
पिछले एशिया कप के अनुभव का जिक्र करते हुए फरहान ने कहा कि मुकाबले एकतरफा नहीं थे, बल्कि दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला था. उनके अनुसार पाकिस्तान ने अंत तक लड़ाई लड़ी थी और इस बार भी टीम उसी जज्बे के साथ खेलेगी.
फॉर्म पर क्या बोले फरहान?
फरहान ने अपनी व्यक्तिगत फॉर्म को भी अहम बताया. हाल के मैचों में लगातार रन बनाने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है. उन्होंने कहा कि जब बल्लेबाज अच्छी लय में होता है तो दबाव कम महसूस होता है. उनके मुताबिक भारत के खिलाफ मैच को भी वे एक सामान्य खेल की तरह ही लेंगे और अतिरिक्त दबाव को खुद पर हावी नहीं होने देंगे.


