गुरुग्राम में 500 करोड़ की कथित ठगी, 32nd Avenue के CEO धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार

गुरुग्राम के रियल एस्टेट कारोबारी ध्रुव दत्त शर्मा को एक ही फ्लोर 25 से अधिक लोगों को बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में करीब 500 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी सामने आई है.

Shraddha Mishra

गुरुग्राम: रियल एस्टेट जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर ने निवेशकों को चौंका दिया है. मशहूर कारोबारी ध्रुव दत्त शर्मा, जो 32nd एवेन्यू के संस्थापक और सीईओ हैं और 32nd माइलस्टोन से भी जुड़े रहे हैं, को एक ही मंजिल कई लोगों को बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में करीब 500 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी सामने आई है. शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद शर्मा को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. 

मामले की शुरुआत जनवरी में हुई, जब ट्राम वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के एक प्रतिनिधि ने अपरा मोटल्स, जिसे अब 32 माइलस्टोन विस्टास प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जाना जाता है, के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2021 में कंपनी के निदेशकों और शेयरधारकों ने 32वें माइलस्टोन कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर स्थित 3000 वर्ग फुट का एक यूनिट बेचने का प्रस्ताव दिया था.

एक ही फ्लोर कई लोगों को बेचने का आरोप

यह सौदा करीब 2.5 करोड़ रुपये में तय हुआ और 21 सितंबर 2021 को पूरी राशि का भुगतान भी कर दिया गया. लेकिन भुगतान के बावजूद खरीदार को जरूरी दस्तावेज नहीं दिए गए. इसके बाद कंपनी को लंबे समय तक दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़े. जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया. 

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 और 2023 के बीच उसी फ्लोर से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज 25 अन्य व्यक्तियों के नाम पर तैयार किए गए. यानी जिस मंजिल को पहले ही बेचा जा चुका था, उसे अलग-अलग लोगों को दोबारा बेचा गया. पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में शर्मा ने स्वीकार किया कि शिकायतकर्ता कंपनी के साथ 2.5 करोड़ रुपये में सौदा हुआ था, लेकिन उस फ्लोर का रजिस्ट्री उनके नाम पर नहीं की गई. बाद में वही फ्लोर 25 अन्य लोगों को बेच दिया गया.

आर्थिक अपराध शाखा कर रही है जांच

पुलिस के अनुसार, इन 25 लोगों से वही फ्लोर ग्रोथ हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड नामक दूसरी कंपनी के जरिए 30 साल की लीज पर ले लिया गया. इससे पूरे लेन-देन पर और भी सवाल खड़े हो गए हैं. आर्थिक अपराध शाखा इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में करोड़ों रुपये की ठगी का अंदेशा है और आगे और खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल ध्रुव दत्त शर्मा से पूछताछ जारी है और पुलिस इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag