नशा, करोड़ों की कार और बेकाबू रफ्तार... कानपुर में रईसजादे ने लेम्बोर्गिनी से 3 लोगों को रौंदा
कानपुर में एक तंबाकू कारोबारी के बेटे ने कथित रूप से नशे में लेम्बोर्गिनी चलाते हुए बुलेट सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी. भागने की कोशिश में कार डिवाइडर से टकरा गई. पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है.

कानपुर: रविवार की शाम कानपुर की सड़कों पर रफ्तार ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि लोग सन्न रह गए. एक लग्जरी लेम्बोर्गिनी कार, तेज रफ्तार और कथित तौर पर नशे में धुत चालक—इन सबने मिलकर कुछ ही पलों में एक सामान्य दिन को हादसे में बदल दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार जिस अंदाज़ में दौड़ रही थी, उसे देखकर लग रहा था जैसे सड़क पर बाकी किसी की मौजूदगी मायने ही नहीं रखती.
यह घटना ग्वालटोली थाना क्षेत्र के रेव थ्री के पास की बताई जा रही है. कार चला रहे युवक की पहचान शिवम मिश्रा के रूप में हुई है. वह कानपुर के बड़े तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है. परिवार का कारोबार कानपुर के साथ-साथ दिल्ली में भी फैला हुआ है. बताया जा रहा है कि शिवम अपनी करोड़ों रुपये की लेम्बोर्गिनी कार लेकर सड़क पर निकला था और उसकी रफ्तार बेहद तेज थी.
बुलेट सवारों को मारी टक्कर
चश्मदीदों के अनुसार, कार ने पीछे से एक बुलेट मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी. बुलेट पर तीन लोग सवार थे, जो टक्कर लगते ही सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. लोगों का कहना है कि हादसे के समय कार चला रहा युवक नशे में था. टक्कर के बाद कार रोकने के बजाय उसने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया.
बाउंसर भी थे साथ
घटना को और चौंकाने वाली बात यह रही कि शिवम की कार के पीछे एक दूसरी गाड़ी में बाउंसर भी चल रहे थे. माना जा रहा है कि वे उसकी सुरक्षा के लिए साथ थे. हादसे के बाद जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो गुस्से में उन्होंने कार के शीशे तोड़ दिए और युवक को बाहर निकाला. इस दौरान बाउंसरों और भीड़ के बीच कहासुनी भी हुई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया.
पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. घायल बुलेट सवारों को तुरंत अस्पताल भेजा गया. उनकी हालत के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त लेम्बोर्गिनी को अपने कब्जे में ले लिया है. कार का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट चुका है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं. साथ ही, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


