दोबारा चर्चा में आया अंकिता भंडारी हत्याकांड, 'VIP' के खिलाफ CBI का बड़ा एक्शन

अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित ‘VIP’ की भूमिका को लेकर CBI ने नई FIR दर्ज की है. वायरल ऑडियो-वीडियो और जनआक्रोश के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है. एजेंसी अब सभी दावों और सबूतों की गहन जांच करेगी.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब एक नया मोड़ आ गया है. इस मामले में जिस कथित “VIP” का नाम बार-बार सामने आ रहा था, उसके खिलाफ सीबीआई ने औपचारिक रूप से मामला दर्ज कर लिया है. दिल्ली में सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज की है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, पद्म पुरस्कार विजेता डॉ. अनिल कुमार जोशी की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. इस मामले की जांच की जिम्मेदारी नई दिल्ली स्थित सीबीआई सेक्शन-2 के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत श्रीवास्तव को सौंपी गई है. उत्तराखंड सरकार की सिफारिश के बाद यह कार्रवाई की गई. दिल्ली में केस दर्ज होने के साथ ही सीबीआई की टीम उत्तराखंड में भी सबूत जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है.

क्यों उठा ‘VIP’ का मुद्दा?

अंकिता भंडारी हत्याकांड पहले ही काफी संवेदनशील रहा है, लेकिन हाल में सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो और वीडियो क्लिप्स वायरल होने के बाद मामला फिर से सुर्खियों में आ गया. इन क्लिप्स में एक कथित “VIP” के नाम का जिक्र किया गया था. इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और सीबीआई जांच की मांग तेज हो गई. इसी बढ़ते दबाव के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 जनवरी 2026 को इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी.

कब और कैसे हुआ था मामला?

अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास स्थित वनंत्रा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं. सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी. 24 सितंबर को उनका शव चीला नहर से बरामद हुआ था. इस मामले में रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को अदालत दोषी ठहरा चुकी है. तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है.

आगे की जांच पर नजर

अब सीबीआई की नई एफआईआर के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है. एजेंसी वायरल ऑडियो-वीडियो की सत्यता, कथित “VIP” की संभावित भूमिका और अन्य तथ्यों की गहराई से जांच करेगी. यह मामला पहले से ही जनभावनाओं से जुड़ा रहा है. ऐसे में सीबीआई की जांच से यह उम्मीद की जा रही है कि सभी सवालों के जवाब सामने आएंगे और यदि किसी अन्य की भूमिका पाई जाती है तो उस पर भी कार्रवाई होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag