'पाकिस्तान को भारी नुकसान...'भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के तहत पाकिस्तान को दी आखिरी और कड़ी चेतावनी

भारत-पास्कितान विवाद के बीच पश्चिमी कमान के उच्च अधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के तहत पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने साफ-साफ कहा है कि उकसावे की कोशिश नहीं करना.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: भारतीय सेना ने पाकिस्तान को फिर से कड़ा संदेश दिया है. पश्चिमी कमान के उच्च अधिकारियों ने कहा कि अगर पाकिस्तान फिर से उकसावे की कोशिश करता है, तो भारत का जवाब पिछले ऑपरेशन से भी ज्यादा सख्त होगा.

ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सेना हर स्थिति के लिए तैयार है. दरअसल यह चेतावनी पठानकोट में उच्च स्तरीय सैन्य प्रदर्शन के दौरान दी गई.

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन

पिछले साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी. इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने मई में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया. इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए. सेना ने पाकिस्तान को सिर्फ चार दिनों में घुटनों पर ला दिया. पाकिस्तान ने युद्ध रोकने की गुहार लगाई और डीजीएमओ के जरिए संपर्क किया.

2 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को सिर्फ छोटा सा नमूना दिखाया गया था. इसका मकसद उन्हें सबक सिखाना था. अब ऑपरेशन सिंदूर 2.0 जारी है और इसकी तैयारियां बहुत बड़े स्तर पर हैं.

परमाणु धमकी से नहीं डरेंगे

पश्चिमी कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने पाकिस्तान की परमाणु धमकियों को "ब्लफ" बताया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भारत को कार्रवाई से रोकना चाहते हैं, लेकिन भारत अब इन धमकियों से नहीं डरेगा.

पिछले ऑपरेशन में भारत ने आतंकी ठिकानों के साथ-साथ पाकिस्तान के सैन्य और हवाई अड्डों को भी निशाना बनाया था. पाकिस्तान ने फिर युद्धविराम की मांग की, जो अन्य देशों के माध्यम से भी आई. 

लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने स्पष्ट किया कि अगली बार कोई उकसावा हुआ तो जवाब "अधिक कठोर" होगा. यह तय नहीं कि कार्रवाई जमीन, समुद्र या हवा में होगी, लेकिन नुकसान पाकिस्तान को भारी होगा. सेना का कहना है कि पाकिस्तान खुले युद्ध की हिम्मत नहीं रखता, इसलिए वह प्रॉक्सी युद्ध और आतंकवाद का सहारा लेता है.

भारत की शून्य सहिष्णुता नीति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कई बार दोहराया है कि भारत आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर अडिग है. ऑपरेशन सिंदूर इसका जीता-जागता सबूत है. सेना के ये बयान दिखाते हैं कि भारत अब और मजबूत होकर खड़ा है. पाकिस्तान को समझना होगा कि उकसावे का जवाब अब पहले से कहीं ज्यादा निर्णायक होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो