चुनाव से ठीक पहले ULFA ने किया बड़ा धमाका! असम पुलिस कमांडो पर RPG अटैक, 4 जवान घायल
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले असम में उग्रवादियों द्वारा बड़ा हमला किया गया. यह हमला पुलिस के कमांडो कैंप पर हुआ, जिसके कारण ४ कमांडो की घायल होने की खबर सामने आई है.

असम: असम के तिनसुकिया जिले में रविवार तड़के उग्रवादियों ने बड़ा हमला किया. असम पुलिस के कमांडो कैंप पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) दागे गए. इस हमले में चार कमांडो जवान घायल हो गए. संदिग्ध हमलावर यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट (ULFA-I) से जुड़े बताए जा रहे हैं.
20 मिनट तक हुई गोलीबारी
हमला जगुन इलाके के 10 मील क्षेत्र में स्थित पुलिस कमांडो बटालियन कैंप पर करीब 2 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने 4 से 5 आरपीजी गोले दागे. इनमें से ज्यादातर कैंप के अंदर फटे, जिससे धमाकों की तेज आवाजें गूंजी. इसके बाद दोनों तरफ से करीब 20 मिनट तक गोलीबारी हुई. हमलावरों ने छिपकर हमला किया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए.
यह कैंप असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा के पास संवेदनशील इलाके में है. सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि हमले से कैंप में अफरा-तफरी मच गई और घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. तीन जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, लेकिन विस्तृत जानकारी अभी नहीं आई है.
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुआ हमला
घटना के बाद तिनसुकिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मयंक कुमार झा की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची. पूरे जिले और ऊपरी असम में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अंतरराज्यीय सीमाओं पर हाई अलर्ट जारी है. सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है ताकि हमलावरों को जल्द पकड़ा जा सके.
यह हमला 2026 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुआ है. अधिकारियों का मानना है कि इसका मकसद चुनावी माहौल बिगाड़ना और अस्थिरता फैलाना हो सकता है.
पिछले साल भी हुआ था ऐसा हमला
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में तिनसुकिया के काकोपाथर में सेना के कैंप पर ग्रेनेड हमला हुआ था. उसमें तीन जवान घायल हुए थे. तब ULFA-I ने जिम्मेदारी ली थी. हमलावरों ने मध्यरात्रि में चलती गाड़ी से फायरिंग की और भाग गए.
अब इस ताजा हमले को देखकर संदेह है कि पीछे वही संगठन हो सकता है. अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. जांच जारी है और जल्द ही और जानकारी सामने आएगी.


