प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा नया इतिहास: सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले बने नेता, पवन चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया. गुजरात के मुख्यमंत्री और पीएम के रूप में कुल 8,931 दिन पूरे करके उन्होंने भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने का रिकॉर्ड बना लिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित करते हुए एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख के रूप में कार्य करने का रिकॉर्ड बनाया है और इस मामले में सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ दिया है. गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के संयुक्त कार्यकाल को मिलाकर मोदी ने कुल 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं, जबकि चामलिंग का कार्यकाल 8,930 दिनों का था.

यह उपलब्धि न केवल निरंतर नेतृत्व की मिसाल है, बल्कि लंबे समय तक जनसेवा के प्रति समर्पण और मजबूत राजनीतिक स्थिरता को भी दर्शाती है. पीएम मोदी की यह उपलब्धि स्वतंत्र भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है.

कौन कितने दिनों तक सत्ता में रहा?

पवन कुमार चामलिंग (सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री) — 8,930 दिन  
नरेंद्र मोदी (गुजरात मुख्यमंत्री + भारत के प्रधानमंत्री) — 8,931 दिन

पीएम मोदी के नाम दर्ज कई ऐतिहासिक उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर में कई रिकॉर्ड पहले से ही दर्ज हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री  

  • मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा पूर्व अनुभव रखने वाले प्रधानमंत्री  

  • स्वतंत्रता के बाद जन्मे भारत के पहले प्रधानमंत्री  

  • लगातार तीन लोकसभा चुनाव (2014, 2019 और 2024) जीतने वाले पहले नेता

साधारण शुरुआत से शिखर तक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में एक साधारण परिवार में हुआ था. बचपन में आर्थिक तंगी के बीच उन्होंने अपने पिता के साथ चाय बेचने का काम किया. युवावस्था में उन्होंने देश भर में भ्रमण किया और 1970 के दशक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए. बाद में वे भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय हुए और वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने.

2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के बाद 2014 में लोकसभा चुनाव जीतकर वे भारत के प्रधानमंत्री बने. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल कर वे आज भी देश के प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हैं.

विकास के मॉडल और वैश्विक छवि के प्रतीक

पीएम मोदी की लोकप्रियता का कोई जवाब नहीं है. वे भारतीय जनता पार्टी के सबसे लोकप्रिय और संघर्षशील नेता माने जाते हैं. गुजरात मॉडल के जरिए विकास की नई परिभाषा देने वाले मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद भी अनेक योजनाओं के माध्यम से भारत को नई दिशा दी है. अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उन्होंने भारत की छवि को मजबूत और सम्मानजनक बनाया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो