अनुष्का के घर से आप निकलते थे..., अब ड्रामा क्यों? मुकेश रोशन का तेज प्रताप पर तीखा पलटवार
बिहार में RJD के अंदर बयानबाजी का तूफान मचा हुआ है. तेज प्रताप यादव पर 'जयचंद' का तंज कसने वाले मुकेश रोशन ने जोरदार पलटवार किया. बोले, खुद अनुष्का के साथ फोटो-वीडियो वायरल करते थे, अब मुंह मोड़ रहे हो? रोशन ने भाषा संयम की नसीहत दी और कहा कि तेज प्रताप के विवादास्पद बयानों से पार्टी को भारी नुकसान हो रहा है.

बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव के परिवार के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और आरजेडी नेता मुकेश रोशन के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है. हाल ही में तेज प्रताप ने पांच 'जयचंदों' का जिक्र किया था, जिसमें महुआ के पूर्व विधायक मुकेश रोशन का नाम शामिल होने पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया जताई है. मुकेश रोशन ने चेतावनी दी कि अगर शब्दों की मर्यादा पार की गई, तो जवाब भी उसी लहजे में दिया जाएगा.
यह पूरा विवाद तेज प्रताप के बयान से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने पार्टी के भीतर कुछ लोगों को गद्दार करार दिया था. मुकेश रोशन ने इस पर पलटवार करते हुए तेज प्रताप के पुराने व्यवहार और विवादों को उजागर किया.
तेज प्रताप पर पलटवार
मुकेश रोशन ने कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले व्यक्ति को खुद का आचरण देखना चाहिए. उनका कहना है कि जो उन्हें जयचंद बता रहे हैं, असल में वही इस तरह के व्यवहार के दोषी हैं. रोशन ने आरोप लगाया कि 2025 के चुनाव के दौरान एक सार्वजनिक मंच से उन्हें अपशब्द कहे गए थे. उन्होंने खुद को लालू यादव और तेजस्वी यादव का समर्थक बताते हुए कहा कि तेज प्रताप के कदमों से पार्टी को नुकसान पहुंचा है.
अनुष्का यादव विवाद पर भी उठाए सवाल
अनुष्का यादव से जुड़े विवाद और चर्चाओं को लेकर भी मुकेश रोशन ने तेज प्रताप पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहले खुद तस्वीरें और वीडियो साझा किए गए, लेकिन अब पहचान से ही इनकार किया जा रहा है. 'तेज प्रताप खुद ही अनुष्का के साथ तस्वीरें डालते थे और उनके घर से निकलते हुए वीडियो दिखाए गए थे. अब वह कहते हैं कि उन्हें कोई जानता ही नहीं. आप ड्रामा मत कीजिए. तेज प्रताप द्वारा रिश्ते को मामा-भांजी बताने पर रोशन ने इसे नाटक करार देते हुए कहा कि इस तरह की बातें अब लोगों को स्वीकार नहीं हैं.
तेज प्रताप का तंज
तेज प्रताप यादव द्वारा प्रधानमंत्री से शिकायत करने की बात पर रोशन ने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर वे पीएम के पास जाएंगे तो वह भी डोनाल्ड ट्रंप से मिलने का समय ले लेंगे. उन्होंने इस पूरे बयान को हल्के अंदाज का राजनीतिक मजाक बताया.
वरिष्ठ नेताओं के सम्मान का मुद्दा
मुकेश रोशन ने यह भी कहा कि तेज प्रताप पहले भी जगदानंद सिंह, रघुवंश बाबू और संजय यादव जैसे वरिष्ठ नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि परिवारिक पहचान के कारण सम्मान मिलना अलग बात है, लेकिन इससे किसी को भी दूसरों के प्रति असम्मानजनक व्यवहार का अधिकार नहीं मिल जाता.


