बक्सर: बच्चों के सामने पिता ने मां को बेरहमी से पीटा, तड़प-तड़प कर महिला ने तोड़ा दम

बिहार के बक्सर जिले में घरेलू विवाद के बाद एक पति ने डंडे से पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. घटना के समय दोनों छोटे बच्चे घर में मौजूद थे. ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

Shraddha Mishra

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. घरेलू विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. यह घटना रविवार सुबह इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेहरा गांव में हुई. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद गुस्से में पति ने डंडे से हमला कर पत्नी की जान ले ली. घटना के समय घर में मौजूद दोनों छोटे बच्चे डर से कांपते रहे. हत्या के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

मदन डेहरा गांव के रहने वाले सोने लाल यादव तीन भाइयों में से एक हैं. वह अपने भाइयों से अलग अपनी पत्नी सोनम कुमारी और दो बच्चों के साथ गांव के घर में रहते थे. गांव के लोगों के अनुसार, सोने लाल पेंटिंग का काम करते थे और इसी से परिवार का खर्च चलता था. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से वह शराब पीने के आदी हो गए थे. इसी वजह से घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था. पति की शराब की आदत को लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार कहासुनी होती थी.

पहले भी हुआ था विवाद

परिजनों और गांव के लोगों ने बताया कि शनिवार को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था. उस दिन भी पति ने पत्नी के साथ मारपीट की थी. इसके बाद से ही घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था. इसी तनाव के बीच रविवार सुबह दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई. धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सोने लाल यादव ने डंडा उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया.

पीट-पीटकर कर दी हत्या

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पत्नी सोनम कुमारी पर डंडे से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घर में ही तड़पते हुए उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. ग्रामीणों की मदद से आरोपी पति को पकड़ लिया गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया.

इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है. सोनम कुमारी के दो छोटे बच्चे हैं. बेटा सरोज कुमार करीब चार साल का है और बेटी प्रियंका कुमारी तीन साल की है. घटना के समय बच्चे घर में ही मौजूद थे और अपनी मां को पीटते हुए देख डर से सहम गए थे. मां की मौत के बाद दोनों बच्चों की हालत देखकर गांव के लोग भी भावुक हो गए. 

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र के डीएसपी गौरव पांडेय भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. डीएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद का लग रहा है. आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag