पहले देवर के साथ हलाला करो...तीन तलाक देने के बाद पति ने पत्नी पर बनाया दबाव, कहा- तभी मिलेगी ससुराल में एंट्री

बिहार के बेतिया से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है जहां तीन तलाक के खिलाफ कड़े कानून बनाए जाने के बावजूद समाज पर इसका असर होता नहां दिख रहा है. यहां एक 26 साल की विवाहित महिला की मौत इस वजह से हो गई कि उसने पति से तलाक के बाद देवर के साथ हलाला करने से मना कर दिया.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

बेतिया : बिहार के बेतिया से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. जहां तीन तलाक जैसी कुरीतियों के खिलाफ बने सख्त कानूनों के बावजूद एक विवाहिता को अपनी जान गंवानी पड़ी. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनसा टोला में रहने वाली रेहाना खातून की संदिग्ध मौत ने समाज की सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को तलाक देने के बाद उस पर हलाला के लिए दबाव बनाया जा रहा था. जिसका विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई.

2 सितंबर 2019 को हुआ था निकाह 

आपको बता दें कि रेहाना खातून का निकाह 2 सितंबर 2019 को मसकुर उर्फ लाडले के साथ बड़ी उम्मीदों से हुआ था. इस शादी से उनके दो छोटे बच्चे. बेटा रेयान और बेटी आयत हैं. सब कुछ ठीक चल रहा था. लेकिन करीब दस दिन पहले पति-पत्नी के बीच एक मामूली विवाद हुआ. परिजनों का दावा है कि इसी झगड़े के बाद मसकुर ने रेहाना को तीन तलाक दे दिया. जिसके बाद घर में तनाव और प्रताड़ना का दौर शुरू हो गया.

हलाला का महिला पर अमानवीय दबाव

तलाक के बाद ससुराल पक्ष ने एक अजीब और अमानवीय शर्त रेहाना के सामने रखी. मृतका के पिता मोहम्मद साबिर हसन का आरोप है कि ससुराल वाले रेहाना पर दोबारा निकाह करने के लिए 'हलाला' की प्रक्रिया अपनाने का दबाव डाल रहे थे. उसे मजबूर किया जा रहा था कि वह अपने देवर के साथ निकाह करे. रेहाना इस अपमानजनक मांग का कड़ा विरोध कर रही थी. उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था.

डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया

गुरुवार की सुबह अचानक रेहाना की तबीयत बिगड़ने या घर में शोर मचने की बात सामने आई. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही ससुराल वाले शव को लेकर चुपचाप भागने की फिराक में थे. लेकिन तभी मौके पर पुलिस पहुँच गई. पुलिस की सक्रियता देख ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए. जिससे उनकी भूमिका और अधिक संदिग्ध हो गई है.

बेटी की मौत से पूरी तरह टूट चुके पिता
 
फरीदाबाद से आए पिता साबिर हसन अपनी जवान बेटी की मौत से पूरी तरह टूट चुके हैं. मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस फिलहाल मायके पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत का इंतजार कर रही है. आवेदन मिलते ही ससुराल वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं.

कानूनी संरक्षण की विफलता का प्रतीक 

यह घटना केवल एक मौत नहीं, बल्कि एक महिला के आत्मसम्मान और कानूनी संरक्षण की विफलता का प्रतीक है. कानून की सख्ती के बाद भी समाज के कुछ हिस्सों में पुरानी कुरीतियां आज भी महिलाओं का दम घोंट रही हैं. बेतिया के लोग रेहाना के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं. मृतका के दो मासूम बच्चों के सिर से माँ का साया उठ चुका है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag