तेज प्रताप यादव के आवास में बड़ी चोरी, 20 लाख कैश समेत ये चीजें गायब, PA पर गंभीर आरोप

नेता तेज प्रताप यादव के पटना स्थित सरकारी आवास में एक बड़ी चोरी का मामला सामने आया है. इस घटना ने राज्य के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है.

calender

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेज प्रताप यादव के पटना स्थित सरकारी आवास में एक बड़ी चोरी का मामला सामने आया है. इस घटना ने राज्य के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है. तेज प्रताप यादव ने किसी बाहरी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि अपने ही सबसे करीबी और निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय पर चोरी का संगीन आरोप लगाया है. इस मामले को लेकर उन्होंने पटना के सचिवालय थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल है.

अलमारी से पार्टी फंड का 20 लाख कैश गायब

तेज प्रताप यादव द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, यह पूरी घटना 22 जून को उजागर हुई. जब उन्होंने अपने कमरे में रखी अलमारी की जांच की, तो उनके होश उड़ गए. अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और उसमें रखी करीब 20 लाख रुपये की नकदी गायब थी. तेज प्रताप यादव ने पुलिस के सामने दावा किया है कि चोरी हुई यह 20 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि उनकी पार्टी के फंड की थी. नकदी के अलावा अलमारी और कमरे से कई बेहद कीमती सामान भी गायब मिले हैं, जिनकी सूची पुलिस को सौंप दी गई है.

सोने के गहने और आईफोन 17 प्रो मैक्स भी ले उड़ा आरोपी

शिकायत की कॉपी के मुताबिक, आवास से गायब हुए सामानों की लिस्ट काफी लंबी और चौंकाने वाली है. आरोपी पीए पर दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार बिल्कुल नए ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक और एक लेनोवो कंपनी का लैपटॉप चुराने का आरोप है. इसके अलावा, सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कमरे से चार नए आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन भी चोरी हो गए हैं. इस हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना के बाद सचिवालय थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तकनीकी पहलुओं और साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है.

रात के अंधेरे में बाउंड्री वॉल फांदकर भागते दिखे मोतीलाल राय

तेज प्रताप यादव ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात करीब 11:30 बजे उनके सरकारी आवास परिसर में मौजूद ड्राइवर अनिल यादव और वहां रहने वाले एक अन्य सहयोगी विशाल ने मोतीलाल राय को संदिग्ध हालत में देखा था. दोनों गवाहों के मुताबिक, मोतीलाल राय हाथ में एक बड़ा बैग थामे हुए आवास की बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) फांदकर पिछले रास्ते से भाग रहा था. तेज प्रताप ने पुलिस से मांग की है कि मोतीलाल राय को तुरंत हिरासत में लेकर सख्त पूछताछ की जाए और चोरी किया गया सारा सामान व पार्टी फंड का कैश बरामद किया जाए. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू को खंगाल रही है, हालांकि अभी तक आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. First Updated : Tuesday, 23 June 2026

Topics :