नीतीश कुमार ने ली राज्यसभा सांसद की शपथ, लालू के बाद बिहार के दूसरे CM जो चारों सदनों में पहुंचे
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली और एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अब वे विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा के चारों सदनों के सदस्य बन गए हैं.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यानी शुक्रवार को दिल्ली में राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण कर लिया. उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इसके साथ ही नीतीश कुमार ने विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा के चारों सदनों का सदस्य बनने का अनोखा रिकॉर्ड कायम कर लिया. यह उपलब्धि उनसे पहले सिर्फ राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ही हासिल कर चुके हैं. नीतीश कुमार अब चारों सदनों में बैठने वाले दूसरे मुख्यमंत्री बन गए हैं.
चारों सदनों का सदस्य बनने वाले दूसरे CM
नीतीश कुमार गुरुवार को जद(यू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के साथ पटना से दिल्ली पहुंचे थे. आज शपथ ग्रहण के बाद वे शाम को पटना लौट सकते हैं. शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की नई पारी की शुरुआत कर दी है.
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की तैयारी
शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार पटना लौटकर अपनी इच्छा से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. सूत्रों के मुताबिक, 13 अप्रैल को वे कैबिनेट की बैठक बुला सकते हैं और खरमास के बाद 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप देंगे. इसके बाद बिहार में नई सरकार गठन का रास्ता साफ हो जाएगा.
बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनेगी. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी के रूप में बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा.
किसका नाम सबसे आगे?
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के कोर ग्रुप की आज शाम बैठक होने वाली है, जिसमें सीएम चेहरा फाइनल किया जा सकता है. नित्यानंद राय, विजय कुमार सिन्हा, संजीव चौरसिया, संजय जायसवाल, दिलीप जायसवाल, रेणू देवी समेत कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है. माना जा रहा है कि सीएम फेस के चयन में नीतीश कुमार की इच्छा को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि एनडीए का वोट बैंक बरकरार रहे और उनके सामाजिक समीकरण को नुकसान न पहुंचे.
केंद्र की राजनीति में नीतीश की वापसी
आज का शपथ ग्रहण समारोह नीतीश कुमार की केंद्र की राजनीति में वापसी की शुरुआत माना जा रहा है. 2005 में दिल्ली की राजनीति छोड़कर पटना गए और बिहार के मुख्यमंत्री बने. करीब 20 साल की राज्य राजनीति के बाद वे अब फिर दिल्ली लौट रहे हैं.शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, बीजेपी सांसद जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण, राजीव प्रताप रूडी, बिहार के मंत्री सम्राट चौधरी, अशोक चौधरी, विजय चौधरी, जमा खान, रामनाथ ठाकुर समेत जद(यू) और भाजपा के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे.


