पटना में तनाव: खान सर पर FIR न होने से भड़के रौशन आनंद, धरने की चेतावनी

रौशन ने कहा कि जब तक FIR नहीं होती, वो थाने से नहीं हटेंगे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। NDTV से बातचीत में रौशन ने आरोप लगाया कि मुझे साजिश के तहत जेल भेजा गया और मेरे भाई की हत्या कर दी गई।

calender

पटना: बुधवार देर शाम पटना में प्रिंस यादव की मौत को लेकर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। प्रिंस के भाई रौशन आनंद खान सर के खिलाफ FIR दर्ज कराने कदमकुआं थाना पहुंचे थे। कई घंटे बीत जाने के बाद भी FIR दर्ज न होने पर उन्होंने धरने पर बैठने की चेतावनी दे दी।  

रौशन ने कहा कि जब तक FIR नहीं होती, वो थाने से नहीं हटेंगे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। NDTV से बातचीत में रौशन ने आरोप लगाया कि मुझे साजिश के तहत जेल भेजा गया और मेरे भाई की हत्या कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि किसके दबाव में FIR दर्ज नहीं हो रही है, इसका जवाब पुलिस को देना चाहिए।  

‘गोली मार दो, पर यहीं बैठूंगा’   

ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने कहा कि अगर आज FIR दर्ज नहीं हुई तो वो वहीं बैठे रहेंगे। उन्होंने कहा कि पटना पुलिस गोली चला दे, लेकिन वो हटने वाले नहीं हैं। रौशन का आरोप है कि रसूख का इस्तेमाल हो रहा है और ऊपरी दबाव की वजह से FIR नहीं लिखी जा रही।  

उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी ने FIR करने से मना कर दिया। SSP को फोन किया तो बात नहीं हो सकी। IG से मिलने गए, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। रौशन ने कहा कि उन्हें पूरे देश के शिक्षकों और छात्रों के समर्थन की जरूरत है।  

शिकायत में लगाए गंभीर आरोप   

रौशन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि फैसल खान उर्फ खान सर, डॉ. रामाशंकर प्रसाद, कन्हैया कुमार सिंह और अन्य लोगों ने मिलकर उनके भाई की हत्या की साजिश रची। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए ताकि परिवार का न्याय पर भरोसा बना रहे।  

जेल से छूटने के बाद रौशन ने दोहराया कि प्रिंस की मौत हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब तक वो जेल में थे, उनका भाई सुरक्षित था। बाहर आते ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ये बातें कई सवाल खड़े करती हैं और गहन जांच जरूरी है।  

नेपाल के होटल में मिला था शव   

प्रिंस यादव का शव रविवार को नेपाल के बीरतनगर स्थित एक होटल के कमरे में मिला था। उनकी मौत के बाद खान सर के कोचिंग संस्थान से जुड़ा विवाद और बढ़ गया। प्रिंस पर 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ और पत्थरबाजी मामले में पहले से केस दर्ज था। रौशन आनंद को 3 जून को इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था।

वो करीब 12 दिन न्यायिक हिरासत में रहे और जमानत मिलने के बाद बाहर आए। रौशन का आरोप है कि खान ग्लोबल स्टडीज में फायरिंग और तोड़फोड़ की CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कहानी बदल गई। अब रौशन ने प्रिंस की मौत की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।   First Updated : Wednesday, 17 June 2026