दिल्ली विधानसभा में आज रखी जाएगी CAG की रिपोर्ट, जानें क्या बोले बीजेपी नेता
दिल्ली विधानसभा में आज पेश होने वाली CAG रिपोर्ट पर दिल्ली के मंत्री आशीष सूद का कहना है कि सबकी नज़र CAG और रिपोर्ट में पाई जाने वाली अनियमितताओं पर है. जिसने जनता से लूटा है, उसे वापस करना ही होगा. इसके साथ ही मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि CAG रिपोर्ट अरविंद केजरीवाल सरकार के घोटालों को उजागर करेगी. शराब घोटाले को उजागर करेगी. पिछले 3 सालों में यह पहली सरकार है जिसमें विपक्ष को CAG रिपोर्ट पेश करवाने के लिए हाईकोर्ट जाना पड़ा.

दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी सरकार मंगलवार को दिल्ली विधानसभा के तीन दिवसीय सत्र के दूसरे दिन पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के प्रदर्शन से संबंधित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की 14 रिपोर्टें पेश करेगी. रिपोर्ट के अनुसार, कैग की जिन रिपोर्टों को आप ने ‘रोक’ दिया है, उनमें विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों और पहलों के महत्वपूर्ण ऑडिट और आकलन शामिल हैं.
दिल्ली विधानसभा में आज पेश होने वाली CAG रिपोर्ट पर दिल्ली के मंत्री आशीष सूद का कहना है कि सबकी नज़र CAG और रिपोर्ट में पाई जाने वाली अनियमितताओं पर है. जिसने जनता से लूटा है, उसे वापस करना ही होगा.
केजरीवाल की लूट और भ्रष्टाचार को करेंगे उजागर
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि CAG रिपोर्ट अरविंद केजरीवाल सरकार के घोटालों को उजागर करेगी. शराब घोटाले को उजागर करेगी. पिछले 3 सालों में यह पहली सरकार है जिसमें विपक्ष को CAG रिपोर्ट पेश करवाने के लिए हाईकोर्ट जाना पड़ा. उन्होंने कहा कि एक-एक करके ऐसी 14 रिपोर्टें पेश की जाएंगी... अरविंद केजरीवाल ने इतने समय तक रिपोर्ट को छुपा कर रखा क्योंकि उन्हें पता था कि उनकी लूट, घोटाले और भ्रष्टाचार उजागर हो जाएंगे.
आधे से ज्यादा मंत्री जाएंगे जेल
बीजेपी विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि जिस तरह से उन्होंने (आप) दिल्ली के बजट का दुरुपयोग किया है. आज सीएजी रिपोर्ट के जरिए दिल्ली की जनता को पता चलेगा कि 10-12 साल तक सत्ता में रहने वाले व्यक्ति ने उनके लिए क्या किया है.
बीजेपी विधायक रविंदर सिंह नेगी ने कहा, "हम तैयार हैं, आज CAG रिपोर्ट पेश की जाएगी. इनके (आप) द्वारा किए गए सभी भ्रष्टाचार की वसूली इनसे की जाएगी. CAG रिपोर्ट के आधार पर जांच होगी और इनके आधे से ज्यादा मंत्रियों को जेल भेजा जाएगा..."
कुछ रिपोर्टें इस प्रकार हैं...
1. राज्य वित्त लेखापरीक्षा रिपोर्ट (मार्च 2021 को समाप्त वर्ष के लिए)
2. राजस्व, आर्थिक, सामाजिक एवं सामान्य क्षेत्र तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (31 मार्च 2020 एवं 2021 को समाप्त वर्षों के लिए)
3.वाहन जनित वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं शमन की निष्पादन लेखापरीक्षा (31 मार्च, 2021 को समाप्त वर्ष के लिए)
4. देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों का निष्पादन लेखापरीक्षा (31 मार्च 2021 को समाप्त वर्ष के लिए)
5. राज्य वित्त लेखापरीक्षा रिपोर्ट (मार्च 2022 को समाप्त वर्ष के लिए)
6. शराब आपूर्ति पर निष्पादन लेखापरीक्षा
7. राज्य वित्त लेखापरीक्षा रिपोर्ट (मार्च 2023 को समाप्त वर्ष के लिए)
8. पब्लिक हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर और हेल्थ सर्विस के प्रबंधन पर निष्पादन लेखापरीक्षा
9. दिल्ली परिवहन निगम के कामकाज पर निष्पादन लेखापरीक्षा रिपोर्ट
10. भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की निष्पादन लेखापरीक्षा रिपोर्ट (31 मार्च, 2022 को समाप्त वर्ष के लिए)
विधानसभा में पेश की जाने वाली 14 सीएजी रिपोर्टों में से चार वित्त लेख और विनियोग लेख हैं, जिन्हें दिल्ली सरकार के लेखा नियंत्रक द्वारा 2021-22 और 2022-23 के लिए तैयार किया गया है.
आपको बता दें कि पिछले साल दिसंबर में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने तत्कालीन मुख्यमंत्री आतिशी को सदन में रिपोर्ट पेश नहीं करने के लिए फटकार लगाई थी, जिसके लिए उन्होंने 19-20 दिसंबर को एक विशेष सत्र भी बुलाया था. तत्कालीन मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उपराज्यपाल ने विधानमंडल के समक्ष वैधानिक लेखापरीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करना सरकार का संवैधानिक कर्तव्य बताया था.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पिछली सरकार पर लोगों की "कड़ी मेहनत" से कमाई गई धनराशि का "दुरुपयोग" करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि आप को "हर पैसे का हिसाब" देना होगा.
तीन दिवसीय विधानसभा सत्र सोमवार को शुरू हुआ, जिसमें नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उनके 47 भाजपा सहयोगियों और विपक्ष की नेता आतिशी सहित 22 आप सदस्यों ने 70 सीटों वाली विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली. इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव हुआ, जिसमें विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा का स्पीकर चुना गया.
इस बीच एसेंबली में हंगामा भी देखने को मिला, जब विपक्षी पार्टी AAP ने बीजेपी पर दिल्ली सीएम ऑफिस से डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगत सिंह की फोटो हटाने का आरोप लगाया. विपक्षी नेता आतिशी ने कहा कि बीजेपी दलित विरोधी पार्टी है. उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर की फोटो को सीएम ऑफिस से हटाया दिया है. हालांकि, रेखा गुप्ता ने उनके आरोपों को निराधार बताया है.


