मुंबई बना ग्लोबल पावर डायलॉग का सेंटर, कार्नी की मौजूदगी में निवेश और इनोवेशन पर फोकस
पहली बार भारत दौरे पर आए कनाडा के पीएम कार्नी ने भारत की जमकर तारीफ की. उन्होंने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताया.

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी चार दिन के आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर यह उनकी पहली भारत यात्रा है, जो 27 फरवरी से 2 मार्च तक जारी रहेगी. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना और निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है.
आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
कार्नी अपनी पत्नी के साथ विशेष विमान से मुंबई पहुंचे, जहां उन्होंने उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं और निवेशकों से मुलाकात की. मुंबई प्रवास के दौरान कार्नी भारतीय और कनाडाई कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों, वित्तीय विशेषज्ञों, निवेशकों और शिक्षाविदों से बातचीत करेंगे. इसके साथ ही भारत में सक्रिय कनाडाई पेंशन फंड्स के प्रतिनिधियों से भी उनकी बैठक निर्धारित है. शनिवार को वह निवेश और आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. इन बैठकों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को नई दिशा देना है.
इसके बाद कार्नी रविवार को मुंबई से नई दिल्ली रवाना होंगे, जहां सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता होगी. इस बैठक में व्यापार, निवेश, तकनीकी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. माना जा रहा है कि इस यात्रा का एक अहम मकसद 2023 में उत्पन्न हुए राजनयिक तनाव के बाद दोनों देशों के संबंधों को फिर से सामान्य करना भी है.
भारत पहुंचने के बाद कार्नी की प्रतिक्रिया
भारत पहुंचने के बाद कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर आर्थिक विकास का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है और यहां नए व्यावसायिक अवसरों की बड़ी संभावनाएं हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दौरे के जरिए कनाडा और भारत के बीच ऐसे सहयोग विकसित होंगे, जिनसे दोनों देशों के व्यवसायों और श्रमिकों को लाभ मिलेगा.
विदेश मंत्रालय ने भी इस यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों के सामान्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है. दोनों देशों के नेता पूर्व में हुई बैठकों के दौरान तय किए गए सहयोग के मुद्दों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे. गौरतलब है कि 2023 में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर लगे आरोपों के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में तनाव आ गया था. ऐसे में कार्नी की यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देने और आपसी विश्वास बहाल करने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है.


