कैलाश खेर के ग्वालियर कॉन्सर्ट में हंगामा, बैरिकेड फांदकर घुसी भीड़
ग्वालियर में आयोजित कैलाश खेर के संगीत कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ लोग बैरिकेड तोड़कर जबरन अंदर घुसने लगे. हालात बिगड़ते देख मशहूर गायक को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा.

ग्वालियर में गुरुवार को आयोजित मशहूर गायक कैलाश खेर के संगीत कार्यक्रम के दौरान उस समय अराजकता फैल गई, जब दर्शकों की भीड़ अचानक बेकाबू हो गई. यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था.
मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे कैलाश खेर
कार्यक्रम के दौरान कैलाश खेर मंच पर अपनी प्रस्तुति दे रहे थे, तभी कुछ लोग उन्हें नजदीक से देखने की कोशिश में सुरक्षा बैरिकेड को पार करते हुए मंच की ओर दौड़ पड़े. देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और कई लोग बैरिकेड तोड़कर मंच तक पहुंचने लगे.
कैलाश खेर ने की शांति की अपील
अचानक हुई इस अव्यवस्था से मंच पर मौजूद कलाकार और आयोजक सकते में आ गए. हालात को संभालने की कोशिश के बीच कैलाश खेर ने मंच से ही भीड़ को शांत रहने की अपील की, लेकिन जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखी तो गायक ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने भीड़ के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें अस्वीकार्य हैं और यह एक सांस्कृतिक कार्यक्रम की गरिमा के खिलाफ है. उनकी यह प्रतिक्रिया वहां मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों के लिए एक सख्त संदेश मानी जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं
सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी. सुरक्षाकर्मियों की संख्या कम होने के कारण भीड़ को नियंत्रित करने में दिक्कत आई, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग मंच के बेहद करीब पहुंच गए. इस घटना के बाद वीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. खास बात यह है कि इसी मंच और इसी परिसर में कुछ घंटे पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक सार्वजनिक सभा को संबोधित कर चुके थे. ऐसे में 12 घंटे से भी कम समय में सुरक्षा इंतजामों का इस तरह कमजोर पड़ जाना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है.
स्थिति बिगड़ने के बाद आयोजकों ने कार्यक्रम को बीच में ही रोकने का फैसला लिया. प्राथमिकता कलाकार की सुरक्षा को दी गई और कैलाश खेर को सुरक्षित तरीके से कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाला गया. घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि बाद में हालात पर काबू पा लिया गया.


