प्रेमी ने किया ब्लॉक, तो प्रेमिका ने ले ली जान... महिला ने सीने में चाकू मारकर की हत्या

बिलासपुर में मोबाइल पर ब्लॉक किए जाने से नाराज एक युवती ने अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी. इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता विवाद में बदल गया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस जांच जारी है.

Shraddha Mishra

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां मोबाइल पर ब्लॉक किए जाने के बाद नाराज युवती ने अपने ही प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी. मंगलवार दोपहर को हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. हत्या के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. 

पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय कामता प्रसाद सूर्यवंशी बिलासपुर में एक होटल में नौकरी करता था और किराए के मकान में रहता था. लगभग छह महीने पहले उसकी 22 वर्षीय रोशनी सूर्यवंशी से इंस्टाग्राम के जरिए पहचान हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए. 

शक और गुस्से ने ली जान 

शुरुआत में दोनों के रिश्ते सामान्य थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके बीच अनबन चल रही थी. इस दौरान कामता ने रोशनी से बात करना बंद कर दिया और उसके नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लॉक कर दिया. ब्लॉक किए जाने का बाद रोशनी को शक हुआ कि कामता का किसी और महिला के साथ संबंध हैं. 

रोशनी इस बात से काफी नाराज चल रही थी और गुस्से में कामता के घर चाकू लेकर पहुंच गई. दरवाजा खुलते ही उसने कामता से उसका मोबाइल फोन मांगा. जब कामता ने अपना फोन देने से इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. बहस ने जल्द ही हाथापाई का रूप ले लिया और रोशनी ने कथित तौर पर चाकू निकालकर कामता के सीने में वार कर दिया.

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

चीख-पुकार सुनकर कामता का रूममेट बाहर आया और उसने देखा कि कामता जमीन पर पड़ा था और उसके सीने से खून बह रहा था. कामता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तौड़ दिया. वहीं, पुलिस ने बताया कि रोशनी को गिरफ्तार कर लिया गया है. 

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती चाकू लेकर कमरे में पहुंची थी. उसने विवाद के दौरान कामता के सीने पर वार किया जिससे उसकी मौते हो गई. पूछताछ के दौरान रोशनी ने बताया कि वो केवल चाकू कामता को डराने के लिए ले गई थी. हालांकि पुलिस द्वारा उसके बयान और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है. 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक कामता प्रसाद सूर्यवंशी भाजपा नेता और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भतीजा था, जिसके कारण मामला और भी चर्चा में आ गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag