अलवर में छेड़छाड़, दिल्ली में मर्डर! IRS अफसर की बेटी की हत्या करने वाले पुराने नौकर की खौफनाक क्राइम कुंडली

दिल्ली के अमर कॉलोनी में एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की घर के अंदर हत्या कर दी गई. पहले आरोपी ने महिला के साथ रेप किया, फिर उसे मार दिया.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया है. एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की घर के अंदर हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में यौन उत्पीड़न के बाद हत्या की आशंका जताई गई है. इस मामले में शक की सुई परिवार के पूर्व नौकर राहुल मीणा पर है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है.

सुबह घर में घुसा और दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह की है. उस समय अधिकारी और उनकी पत्नी घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान आरोपी घर में दाखिल हुआ और युवती पर हमला कर दिया. परिवार जब वापस लौटा तो बेटी घायल और बेहोश हालत में मिली. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

पहले से रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वारदात की पूरी योजना पहले से बना रखी थी. सीसीटीवी फुटेज में वह सुबह जल्दी बिल्डिंग के आसपास देखा गया. बताया जा रहा है कि वह कुछ देर तक सीढ़ियों में छिपा रहा और घर खाली होने का इंतजार करता रहा. जैसे ही मौका मिला, वह अंदर घुस गया और घटना को अंजाम दिया.

एक्स्ट्रा चाबी से घुसने का शक

पुलिस को घर में जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले हैं. ऐसे में शक जताया जा रहा है कि आरोपी ने घर की अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल किया होगा. चूंकि वह पहले घर में काम कर चुका था, इसलिए उसे घर की व्यवस्था और चाबी रखने की जगह की जानकारी थी.

पहले भी विवादों में रह चुका है आरोपी

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राहुल मीणा मूल रूप से राजस्थान के अलवर का रहने वाला है. वहां वह पहले छेड़छाड़ के एक मामले में भी कथित रूप से शामिल रह चुका है. करीब एक महीने पहले उसे नौकरी से निकाला गया था.

उस पर घर में चोरी और पैसों की गड़बड़ी के आरोप लगे थे. पुलिस को शक है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी ने बदला लेने की नीयत से यह कदम उठाया. हालांकि, हत्या का असली मकसद अभी साफ नहीं हुआ है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो