दिल्ली के आर के पुरम में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश हाफ एनकाउंटर में घायल
दिल्ली के आरके पुरम इलाके में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक कुख्यात बदमाश को पैर में गोली मारकर काबू कर लिया, जबकि उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

नई दिल्ली: दिल्ली के साउथ वेस्ट के आर के पुरम इलाके में रविवार को पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है, जिसमें पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश के पैर में गोली मार दी और उसे काबू किया.
पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश इलाके में संदिग्ध रूप से घूम रहे थे और पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल बताए जाते हैं. जब आर के पुरम थाना पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और एक बदमाश को घायल कर गिरफ्तार कर लिया.
ट्रैप लगाकर पकड़े गए थे बदमाश
आर के पुरम थाना पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि दो बदमाश इलाके में सक्रिय हैं और कुछ आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी और ट्रैप लगाया. जैसे ही दोनों बदमाश पुलिस के करीब पहुंचे, पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने का निर्देष दिया, लेकिन बदमाशों ने इसके बजाय फायरिंग कर दी. इसके जवाब में पुलिस ने एक बदमाश को पैर में गोली मारकर नियंत्रण में लिया और दूसरा साथी भी गिरफ्तार कर लिया गया.
घायल बदमाश की पहचान 'दरिंदा' के नाम से हुई
जिलाधिकारी के अनुसार गोली लगी बदमाश की पहचान 'दरिंदा' के नाम से हुई है, जो कई गंभीर अपराधों, जैसे डकैती और अन्य घटनाओं में संलिप्त रहा है. पुलिस का दावा है कि वह इलाके में आतंक फैलाने वाला कुख्यात अपराधी था. गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों की जांच जारी है.
पुलिस का दावा और बरामद सामग्री
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों से कुछ हथियार और संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई हैं. यह कार्रवाई राजधानी में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने की दिशा में एक कदम बताया जा रहा है.
जनता की सुरक्षा का दावा
आर के पुरम थाना पुलिस ने कहा है कि इस तरह की कार्रवाईयों से आपराधिक गिरोहों पर सख्ती दिखती है और जनता को सुरक्षा का भरोसा मिलता है. पुलिस अब आगे की छानबीन और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.


