दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान पंचायत आज, इन रूट्स पर निकलने से बचें, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज गुरुवार, 19 मार्च को धूमधाम से किसान पंचायत होने वाली है! लाखों किसानों की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है. कई प्रमुख सड़कों पर जाम और परेशानी की संभावना है, तो बाहर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक कर लें.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज 19 मार्च को किसानों की महापंचायत का आयोजन होने जा रहा है, जिसके चलते मध्य दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है. संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा आयोजित इस किसान पंचायत में देशभर से बड़ी संख्या में किसान जुटने वाले हैं, जिसके मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है.

इस आयोजन के कारण सुबह से शाम तक कई प्रमुख सड़कों पर भीड़ और जाम की स्थिति बन सकती है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पहले से अपनी यात्रा की योजना बना लें और प्रभावित क्षेत्रों से बचने की कोशिश करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.

किसान पंचायत के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था

रामलीला मैदान और उसके आसपास के इलाकों में भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है. इस दौरान आवश्यकता अनुसार सड़कों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे, खासकर जवाहरलाल नेहरू मार्ग के आसपास.

प्रभावित प्रमुख सड़कें और क्षेत्र

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, दिल्ली गेट और कमला मार्केट के आसपास ट्रैफिक को नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है. विशेष रूप से अजमेरी गेट से आसफ अली रोड के रास्ते रामलीला मैदान की ओर जाने वाली गाड़ियों को अनुमति नहीं दी जाएगी.

ट्रैफिक पुलिस की अपील और सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अनुरोध किया है कि वे उपरोक्त रास्तों से गुजरने से बचें. यात्रा से पहले अपनी योजना तैयार कर लें, पर्याप्त समय लेकर निकलें और जहां संभव हो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें. ट्रैफिक से जुड़े लाइव अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों और वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो