दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ली है. बारिश, ठंडी हवाएं और बादलों के चलते तापमान गिरा है. IMD ने अगले 2–3 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक ऐसा करवट बदली है कि लोगों को मार्च के महीने में ही फरवरी जैसी ठंड का एहसास होने लगा है. सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो चुकी है. इस बदलाव ने न सिर्फ मौसम को सुहावना बना दिया है, बल्कि गर्मी की शुरुआत को भी कुछ समय के लिए टाल दिया है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है. हल्की बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा. लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के इस बदलाव के लिए तैयार रहें. 19 और 20 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश हो सकती है. 21 मार्च को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 22 और 23 मार्च को मौसम कुछ हद तक साफ हो सकता है.
IMD का येलो अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश हो सकती है. हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे धूल भरी आंधी भी चल सकती है. नवरात्रि की शुरुआत और 21 मार्च को ईद के मौके पर यह सुहावना मौसम लोगों के लिए राहत लेकर आया है. गर्मी से पहले इस तरह की ठंडक लोगों को काफी पसंद आ रही है.
मौसम में बदलाव की वजह क्या है?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ एक बड़ी वजह है. इसके कारण हवाओं की दिशा में परिवर्तन हुआ है, जिससे ठंडी और नम हवाएं उत्तर भारत की ओर आ रही हैं. साथ ही राजस्थान और पाकिस्तान की ओर से आने वाली सूखी हवाएं धूल को साथ लेकर आती हैं, जिससे कई जगह धुंध जैसी स्थिति बन जाती है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह सिस्टम अभी और सक्रिय हो सकता है, जिससे अगले दो दिनों में बारिश और तेज हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है. कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फ गिर रही है, जबकि घाटी में बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 20 मार्च तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि भी हो सकती है.
हिमाचल में 24 मार्च तक असर
हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति, मनाली, शिमला और कांगड़ा जैसे इलाकों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह दौर 24 मार्च तक चल सकता है. इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक और ओले गिरने की भी आशंका है.
राजस्थान और अन्य राज्यों में भी बदलाव
राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली है. कई शहरों में हल्की बारिश दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.


