दिल्ली में AI समिट के चलते आज कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले देख लें रूट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने AI इम्पैक्ट समिट-2026 और वीवीआईपी मूवमेंट के चलते 21 फरवरी को सुबह 9 से रात 8 बजे तक कई सड़कों पर डायवर्जन लागू किया है. नागरिकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के प्रमुख इलाकों में आज, 21 फरवरी को ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है. एआई इम्पैक्ट समिट- 2026 और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने कई सड़कों पर रोक और रूट डायवर्जन लागू करने का फैसला किया है. इससे खासकर भारत मंडपम के आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहेगा. ऐसे में सुरक्षा और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने पहले से ही विशेष योजना तैयार की है.
भारत मंडपम में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट- 2026 में आज बड़ी संख्या में मेहमानों और प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है. इसके अलावा वीवीआईपी मूवमेंट भी तय है. इस कार्यक्रम के कारण राजधानी के कुछ मार्गों पर जाम की स्थिति बनने की आशंका है. इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है.
ट्रैफिक पुलिस की विशेष व्यवस्था
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार 21 फरवरी को सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने की घोषणा की है. इस दौरान प्रभावित इलाकों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी. पुलिस का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों के आने-जाने के कारण कुछ मार्गों पर दबाव बढ़ सकता है. इसलिए यातायात नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा समस्या न हो.
TRAFFIC ADVISORY
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) February 20, 2026
Special traffic arrangements will be in place in connection with the AI Impact Summit 2026 at Bharat Mandapam on 21.02.2026.
Traffic regulations will be implemented due to anticipated heavy footfall and vehicular movement to ensure smooth flow and public… pic.twitter.com/GRm2xnVVxD
इन रास्तों पर रहेगा असर
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार भैरों रोड, भगवान दास रोड, पुराना किला रोड और मथुरा रोड सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावित रहेंगे. इन सड़कों पर यातायात धीमा रह सकता है या कुछ समय के लिए डायवर्जन लागू किया जा सकता है. इन मार्गों की बजाय लोगों को तिलक मार्ग, सिकंदर रोड और रिंग रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. वैकल्पिक मार्ग अपनाने से यात्रा आसान और समय पर पूरी हो सकेगी.
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जहां तक संभव हो प्रभावित रास्तों से बचें. यात्रा पर निकलने से पहले रूट की जानकारी ले लें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें. साथ ही, ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करना जरूरी है. इससे न केवल आपकी यात्रा सुरक्षित रहेगी, बल्कि अन्य लोगों को भी परेशानी नहीं होगी.


